अंबेडकरनगर में 18 'राहवीर' बनेंगे देवदूत, सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए मिलेगा सम्मान
अंबेडकरनगर में सड़क हादसों के घायलों की मदद करने वाले 18 'राहवीरों' को नवीन राहवीर योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा।

शहजादपुर में घायल को ले जाते यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव व अन्य पुलिसकर्मी। जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, अबेडकरनगर। सड़क पर हादसा देखकर आगे बढ़ने के बजाय घायलों की मदद के लिए हाथ बढ़ाने वाले 18 लोग सम्मानित होंगे। दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उन्हें समय पर उपचार दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले इन लोग को नवीन राहवीर योजना के तहत चिह्नित किया गया है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की गत माह हुई बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की तत्काल मदद सुनिश्चित करने और मददगार लोग को राहवीर योजना के तहत चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से दुर्घटनाओं में घायल लोग को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार दिलाने की कार्रवाई की गई।
दुर्घटना के बाद घायल को जितनी जल्दी चिकित्सा सुविधा मिलती है, उसके बचने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है। ऐसे में दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोग का घायलों की मदद के लिए आगे आना जरूरी है। राहवीर योजना ऐसे ही नेक लोग को प्रोत्साहित करने की पहल है, ताकि समाज में दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की भावना मजबूत हो।
इनको मिलेगा सम्मान
चिह्नित राहवीरों में जिले के आम नागरिकों में अलावा बस्ती, अयोध्या, मऊ, प्रतापगढ़ के साथ यातायात विभाग के पुलिसकर्मी शामिल हैं। अकबरपुर के कोटवा महमदपुर निवासी अनिरुद्ध कुमार, धर्मा मुबारकपट्टी के वीरेंद्र कुमार, जल्लापुर मसेढ़ा के चंद्रभान, बेवाना मुसईतपुर के राकेश कुमार, जहांगीरगंज के मकदूमपुर निवासी सुशील कुमार, अहिरौली विकवाजीतपुर के गोविंद कुमार, खकई पिपरी सुल्तानपुर कोटिया के चंद्रेश पांडेय ने घायलों की मदद की।
इसी क्रम में बस्ती के भैरोपुर महुआ लखनपुर निवासी सतीश कुमार, इंदौली अमारी बाजार के योगेंद्र, नेवादा कप्तानगंज के शिवकुमार, अयोध्या के कौशिल्या घाट निवासी कृष्ण कुमार, रुकुनपुर पटूपुर के विजय कुमार पाल, मऊ के चकभीखा मरहा निवासी अमित कुमार शर्मा, प्रतापगढ़ के बदली का पूरा महराजपुर के त्रिलोकीनाथ मिश्र हैं। इसके अलावा यातायात सिपाही रामप्रवेश यादव, चंद्रशेखर सरोज, रामजनम यादव शामिल हैं।
इन्हें अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
अकबरपुर के इंद्रलोक कालोनी निवासी संजीव अवस्थी बस्ती में बैंककर्मी हैं। वह छुट्टी पर घर आए थे। 28 मार्च को दो साल के बच्चे के साथ बाइक से सामान लेने के लिए निकले थे। पहितीपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए थे।
ड्यूटी पर तैनाती यातायात प्रभारी निरीक्षक जयबहादुर यादव ने सिपाहियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाकर स्वजन को सूचना दी थी। 17 जुलाई को जलालपुर के फिरोजपुर शाहपुर के अरविंद कुमार अकबरपुर के ककरडिला के पास हादसे में घायल होकर सड़क के किनारे पड़े थे।
दो अगस्त को सुलतानपुर के दोस्तपुर निवासी हरीश अपनी पत्नी के साथ दवा लेने अकबरपुर आ रहे थे। बाइक अनियंत्रित होने से गिरकर घायल हो गए थे। यातायात सिपाहियों ने गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई थी।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें। तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देने के साथ घायल को चिकित्सकीय सहायता दिलाने में सहयोग करें। राहवीर योजना का उद्देश्य ऐसे मददगार को प्रोत्साहित करना है, जिससे पीड़ितों की जान बच सके।
-जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात
