प्रतियोगी परीक्षा की मुफ्त तैयारी के लिए मौका, CM अभ्युदय कोचिंग के लिए 6 जून तक करें आवेदन
अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की राह आसान बनाने में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से निशुल्क कोचिंग सहारा बनी है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ल ने बताया कि प्रवेश के लिए आफलाइन आवेदन गत 20 अप्रैल से शुरू हैं। आवेदन आगामी छह जून लिया जाएगा।
इसमें संघ लोक सेवा आयोग, राज्य लोक सेवा आयोग, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, सीयूईटी, यूपीएसएसएससी, यूपी पुलिस, बैंक संग एक दिनी परीक्षाओं की तैयारी का निश्शुल्क अवसर मिलेगा। अभ्युदय प्रवेश परीक्षा व काउंसिलिंग का आयोजन निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा।
जुलाई से होगा संचालन
जेईई व नीट की प्रवेश परीक्षा आठ जून तथा यूपीएससी, यूपीपीएससी, एनडीए, एसएससी, सीडीएस एवं अन्य प्रवेश परीक्षा 15 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगी। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 19 जून को घोषित होगा। उक्त कोचिंग का संचालन पहली जुलाई से होना प्रस्तावित है। आवेदन फार्म विकास भवन के कक्ष संख्या-57, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं।
इसके अलावा समस्त विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण व ग्राम विकास अधिकारी सहकारिता के माध्यम से भी आवेदनपत्र प्राप्त व जमा किए जाएंगे। योजना की अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8299037551, 9151093178, 9958598103 पर सुबह 10 बजे से अपराह्न पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है। आवेदन एवं कोचिंग की संपूर्ण प्रक्रिया निश्शुल्क है।
कोचिंग पाने की पात्रता
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विभिन्न परीक्षाओं की पात्रता निर्धारित की गई है। जेईई व नीट के लिए कक्षा 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राएं पात्र होंगे। यूपीएससी व यूपीपीएससी (सिविल सेवा) परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं व उत्तीर्ण पात्र होंगे।
एनडीए के लिए कक्षा 12 में अध्ययनरत (विज्ञान वर्ग) अथवा उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। सीडीएस व सीएपीएफ की परीक्षा प्रशिक्षण के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होगें। एसएससी, यूपीएसएसएससी एवं बैंक के लिए कक्षा 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
