पुलिस की सख्ती, लॉकडाउन उल्लंघन पर 127 गिरफ्तार
अंबेडकरनगर पुलिस ने लाकडाउन उल्लंघन में 127 लोगों पर कार्रवाई की। जिला प्रशासन के कड़े रवैये के बाद भी लोग लाकडाउन तोड़ने से बाज नहीं आ रहे है।
अंबेडकरनगर : जिले में दो कोरोना पॉजिटिव मामला मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। इससे शहरी क्षेत्र की बाजारें बंद हैं और वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। इसका असर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों पर भी है। वहां दुकान खुलने की छूट होने के बाद भी अधिकांश लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखी। हालांकि नगर के शहजादपुर में खुली कुछ दुकानों में लॉकडाउन के नियम तार-तार होते दिखाई पड़े। इस बीच पुलिस प्रशासन ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अपनी कार्रवाई जारी रखी। अकबरपुर, भीटी, इब्राहिमपुर समेत अन्य थानों में लॉकडाउन उल्लंघन के कुल 44 मुकदमा पंजीकृत किया गया जिसमें 127 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिन्हें बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इसमें बिना मास्क व अकारण बाहर घूमने वाले भी शामिल हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा विभिन्न बैरियर व चेकपोस्टों पर 547 वाहनों की जांच की गई। 39 वाहन का चालान करते हुए चार को सीज किया गया। साथ ही 12800 रुपये समनशुल्क वसूल किया गया। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।