गोली मारकर युवक की हत्या, भाई पर लगा आरोप
शाहगंज में इलेक्ट्रानिक मार्केट गली में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संपत्ति के विवाद में भाई पर आरोप लगा है।
प्रयागराज : शाहगंज थाना क्षेत्र इलेक्ट्रानिक गली में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संपत्ति के विवाद में भाई पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। वह फरार बताया जा रहा है। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने वारदात स्थल से हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद किया है।
शाहगंज थाना क्षेत्र इलेक्ट्रानिक गली में नितिन चौरसिया रहता था। बताते हैं कि उसका अपने छोटे भाई दिलीप से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की दोपहर दोनों में उसी को लेकर फिर विवाद होने लगा। आरोप लगाया जा रहा है कि दिलीप ने तैश में आकर नितिन पर फायर कर दिया। इससे वह रक्त रंजित होकर गिर गया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों की मदद से उसे गंभीर हाल में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उधर सूचना पाकर शाहगंज थाने की पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची। घर में खून पड़ा था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद कर मामले की जांच कर रही है।
शिवकुटी में हेड कांस्टेबल पर हमला, जख्मी
शिवकुटी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मो. कमरुद्दीन पर शुक्रवार रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में वह जख्मी होकर गिर पड़े तो आरोपित भाग निकले। पीडि़त ने शिवकुटी थाने के ही एक दारोगा और उनके तीन साथियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि देर रात तक पुलिस अधिकारी मामले को दबाने में जुटे रहे।
हेड कांस्टेबल रात में शिवकुटी गया था। वहां महेंद्र कुमार की दुकान के सामने खड़े होकर सम्मन तामीला के संबंध पूछताछ कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए तीन युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे वह बाइक के ऊपर गिर पड़ा और जख्मी हो गया। हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग जख्मी हेड कांस्टेबल को अस्पताल ले गए। खबर पाकर हेड कांस्टेबल की पत्नी भी थाने पहुंची। पीडि़त परिवार हमले का कारण नहीं बता सके, लेकिन एक दारोगा व अन्य पर आरोप लगाया है। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।