मनमानी करने में नाकाम युवक ने किया महिला पर चाकू से हमला, अब पुलिस लगी तलाश में
विरोध करने पर बौखलाए युवक ने महिला की गर्दन पर चाकू से हमला किया और भाग निकला। शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कौशांबी, जेएनएन। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात दीवार फांदकर घर में घुसे युवक ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर बौखलाए युवक ने महिला की गर्दन पर चाकू से हमला किया और भाग निकला। शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उधार लेने पर शुरू की ब्लैकमेलिंग
पूरामुफ्ती इलाके का एक व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसने बताया कि साल भर पहले पत्नी का इलाज कराने के लिए उसने पड़ोस के एक युवक से एक लाख 20 हजार रुपये उधार लिया था। उधार की रकम के नाम पर युवक ने मजदूर की पत्नी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि उस पर रुपये के नाम पर दबाव बनाते हुए युवक ने कई बार दुष्कर्म किया। किसी तरह महिला के पति ने उसे 90 हजार रुपये वापस कर दिए। महिला ने युवक की इस हरकत के बारे में अपने पति को भी बता दिया था।
दीवार फांदकर घुसा घर में
गरीबी के चलते उधार दी गई रकम के बदले पति मजबूर बना रहा। महिला का आरोप है कि रविवार की रात भी युवक दीवार फांदकर घर में घुस गया। युवक ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया तो उसने विरोध करते हुए कहा कि जल्द ही उसका शेष रकम वापस कर दी जाएगी। दुष्कर्म में नाकाम युवक महिला के इन्कार और विरोध पर बौखला गया। उसने चाकू से महिला के गले पर वार कर दिया। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। इस पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। इंस्पेक्टर रमेश पटेल का कहना है कि महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टि जांच में रुपयों के लेनदेन की भी बात सामने आ रही है। मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।