Prayagraj News: गोली से जख्मी युवक चार दिन जिंदगी और मौत से जूझता रहा, आज हुई मौत
बारा के ग्राम पंचायत पांडर के पेट्रोल पंप मजरा कालिका का पूरा के पास गोली लगने से घायल प्रयागराज में यमुनापार स्थित बारा इलाके में पिछले दिनों विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था। युवक की आज इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। विवाद के बाद उसे गोली मार दी गई थी। चार दिन जिंदगी और मौत से जूझने के बाद युवक ने शनिवार को आखिरी सांस ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। मामला प्रयागराज जिले में यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र का है। उधर पुलिस ने चार आराेपितों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि दो आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
किसी बात को लेकर धर्मेंद्र और आशीष में हुआ था विवाद : यमुनापार में घूरपुर थाना क्षेत्र के जसरा बाजार निवासी व्यापारी धर्मेंद्र केसरवानी पुत्र बनवारी लाल केसरवानी और बारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पांडर निवासी आशीष त्रिपाठी (35) उर्फ गुड्डू त्रिपाठी पुत्र मंगला प्रसाद त्रिपाठी के बीच विवाद हो गया था। मंगलवार को बारा क्षेत्र के पांडर पेट्रोल पंप के पास मजरा कालिका का पूरा में किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान बात बढ़ी तो धर्मेंद्र केसरवानी ने असलहे से फायरिंग की। गोली लगने से आशीष त्रिपाठी जख्मी हो गया।
एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान आशीष की मौत : गोली की आवाज सुनकर जब तक लोग वहां पहुंचते आरोपित वहां से फरार हाे चुका था। लहूलुहान हाल में आशीष को देख पुलिस को सूचना दी गई। बारा पुलिस और आशीष त्रिपाठी के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस आशीष को इलाज के लिए आनन-फानन में एसआरएन अस्पताल में भेजा। वहां आशीष त्रिपाठी चार दिन तक मौत से लड़ता रहा। शनिवार को उसकी मौत हो गई। आशीष की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
चार में से दो आरोपित गिरफ्तार हैं, दो की तलाश कर रही पुलिस : शनिवार को गोली से घायल पांडर निवासी आशीष त्रिपाठी की मौत की जानकारी होने पर जसरा बाजार व पेट्रोल पंप के आसपास सन्नाटा पसर गया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। युवक की हत्या का आरोपी जसरा का ही रहने वाला है। पुलिस ने चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अभी भी दो की तलाश जारी है।
परिवार में गम का माहौल : आशीष के पिता मंगला प्रसाद त्रिपाठी प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक के पद पर से रिटायर हुए हैं। वे अब गांव में किसानी करते हैं। उनके तीन बेटे और तीन बेटियाें में आशीष सबसे बड़ा था। तीनों बेटियों की शादी हो गई। आशीष की एक पुत्री है। परिवार के सदस्य आशीष की मौत से गमजदा हैं।