प्रयागराज में युवक को गोली मारने वाले बाइक सवार बदमाशों का सुराग नहीं
पुराने विवाद को लेकर प्रयागराज के नैनी इलाके में एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देकर दो आरोपित फरार हैं उन्हें अभी तक पुलिस नहीं पकड़ सकी है।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी में औद्योगिक थाना क्षेत्र के आइटीआई कंपनी के समीप गुरुवार की रात में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की जमकर पिटाई की। इसके बाद उस पर दो राउंड फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गया। युवक को मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रिंस का गुड्डू और छोटू से विवाद था
दो दिन पहले महुआरी गांव निवासी प्रिंस यादव यादव से उसी गांव के गुड्डू पासी छोटू पटेल के साथ विवाद हो गया था। उस समय प्रिंस दोनों पर भारी पड़ा था। गुरुवार की रात में प्रिंस आइटीआई कंपनी के सामने खड़ा था। उसी समय गुड्डू और छोटू बाइक से पहुंचकर उसे घेर लिया। जब तक वह कुछ समझता, उसकी पिटाई करने लगे। जब उसने विरोध किया तो फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां सनसनी फैल गई। गोली का छर्रा लगने से प्रिंस घायल हो गया।
घायल कर बदमाश हुए फरार
फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो छोटू और गुड्डू बाइक लेकर वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस प्रिंस को थाने ले कर चली गई। पुलिस ने प्रिंस को मेडिकल के लिए भेजा और अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में औद्योगिक थाने के इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह का कहना है कि आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। फिलहाल अभी पुलिस के हत्थे बदमाश नहीं चढ़े हैं।
नैनी की पार्षद को मिली धमकी
नैनी की पार्षद नीलम यादव को अज्ञात युवक ने मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। इससे वह और उनका परिवार दहशत में है। पार्षद ने इस बाबत पुलिस को तहरीर देकर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।