दूध कारोबारी के बेटे की हालत नाजुक, मारी गई थी गोली
वह दूध कारोबारी का बेटा है। पशुओं को चराने के लिए बमरौली रेलवे स्टेशन के निकट बदमाशों ने लाठी-डंडे से पहले पीटा फिर कई गोली मार दी। एसआनएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। धूमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दुस्साहसिक अंदाज में घटना हुई। बमरौली रेलवे स्टेशन के पास दूध कारोबारी मुश्ताक अहमद के बेटे इंतजार अहमद (22) को पीटने के बाद गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दो दिन पहले गांव में सुअर को लेकर कुछ लोगों से मारपीट हुई थी, जिसके बाद यह घटना हुई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मुख्य आरोपित कोइली पुत्र गुलाब पासी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
लाठी-डंडे से पिटाई के बाद इंतजार को मार दी गई गोली
उमरी गांव निवासी मुश्ताक दूध का कारोबार करते हैं। उनके पास 35 मवेशी हैं। उनका बेटा इंतजार मंगलवार को मवेशी चराने के लिए गया था। बमरौली रेलवे स्टेशन के पास बिरला फैक्ट्री के पीछे एक तालाब है, जहां पानी पीने के लिए मवेशी जाते थे। यहीं पर एक गुमटी भी है, जिसके नीचे इंतजार वह आराम करता था। वहां पहुंचे कुछ लोगों ने इंतजार को लाठी-डंडे से पीटा और फिर गोली मारकर भाग निकले। कुछ देर बाद झपिया गांव निवासी चरवाहा हरिश्चंद्र ने देखा कि इंतजार जमीन पर पड़ा कराह रहा है और खून से लथपथ है। तुरंत उसने यह जानकारी उसके परिजनों को दी। परिजन इंतजार को लेकर थाने पहुंचे जहां से उसे एसआरएन ले जाकर भर्ती कराया गया।
सिर, पेट, हाथ और कंधे पर बदमाशों ने गोली मारी गई
एसआरएन के डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि इंतजार के सिर, पेट, हाथ और कंधे पर गोली मारी गई है। सीओ सिविल लाइंस बृजनारायण सिंह का कहना है कि घटनास्थल से पुलिस को 315 बोर का एक खोखा बरामद हुआ है। भाई इफ्तिखार की तहरीर पर कोईली और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
ईद की खुशियां हुई काफूर
इंतजार को गोली मारने की घटना से परिजनों की ईद की खुशियां काफूर हो गईं। अस्पताल में मौजूद पिता मुश्ताक, मां असगरी बेगम, भाई और बहनें अल्लाह से दुआएं करती रहीं। जख्मी इंतजार जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। घर में आठ बहनें भी हैं।
बोले एसपी सिटी
एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव का कहना है कि दो दिन पहले गांव में सुअर पकडऩे को लेकर झगड़ा, मारपीट हुई थी। उसी विवाद में अब गोली मारी गई है। मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही दूसरे आरोपितों को भी पकड़ लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप