प्रयागराज में युवक की हत्या, सड़क किनारे पटरी पर मिला शव, गले पर चोट के निशान
युवक की शिनाख्त अनिल कुमार के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनिल के गले पर चोट के निशान थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। प्रयागराज के उतरांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने युवक को जान से मारने के बाद सड़क किनारे पटरी पर उसका शव फेंककर फरार हो गए। यह वाकया गुरुवार की रात में हुआ। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा। गले पर चोट के निशान भी था। युवक की पहचान हो गई है। हत्या किसने और क्यों की, इसका पुलिस पता लगा रही है।
गंगापार के उतरांव में 18 वर्षीय अनिल का शव मिला : प्रयागराज जनपद में गंगापार के उतरांव थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव में 18 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र वासुदेव यादव रहता था। अनिल का शव शुक्रवार की सुबह उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर कटहरा दम गढ़ा रोड पर सड़क की पटरी पर पड़ा था। सुबह उधर से जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी।
गले पर चोट के निशान : शव मिलने की जानकारी होने पर काफी संख्या में भीड़ भी जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शिनाख्त का प्रयास किया तो उसकी पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनिल के गले पर चोट के निशान थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए गांव में फाेर्स तैनात की गई है।
चार युवकों संग ढाबे पर खाना खाने गया था अनिल : अनिल कुमार ईट भट्टे पर रहकर काम करता था। रात में कटहरा स्थित एक ढाबे पर चार युवकों के साथ खाना खाते देखा गया। सुबह उसकी डेड बाडी मिली। पुलिस ने चारों युवकों सहित अन्य लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। फिलहाल हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।
घर का बुझा चिराग : अनिल कुमार की एक बहन है, जिसका विवाह हो चुका है। अनिल की मौत से घर का चिराग बुझ गया। पिता बासुदेव यादव मुंबई में किसी कंपनी में काम करते है। वर्तमान समय में वह वहीं पर हैं। घर पर मां रिमपा ही हैं। मां का रो-रोकर हाल बेहाल है।