दिल्ली के युवक ने शास्त्री पुल से लगाई छलांग, अस्पताल में भर्ती Prayagraj News
अचेतावस्था में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके होश आने के बाद ही यह पता चलेगा कि वह यहां कैसे पहुंचा और किन कारणों से नदी में कूदकर जान देना चाहता था।
प्रयागराज,जेएनएन। शास्त्री पुल से सोमवार शाम एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसी समय जल पुलिस की टीम वहां मौजूद थी। टीम ने युवक को डूबने से बचा लिया। अचेतावस्था में उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोताखोरों ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
सोमवार शाम करीब चार बजे एक युवक शास्त्री पुल पर टहल रहा था। अचानक वह पुल की रेङ्क्षलग पर चढ़ गया और गंगा नदी में कूद पड़ा। पुल से गुजर रहे लोगों ने देखा तो मदद की आवाज लगाई। शोरगुल सुनकर कुछ दूर पर मौजूद जल पुलिस प्रभारी कड़ेदीन यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को नदी में युवक की तलाश के लिए उतार दिया। कुछ ही देर में गोताखोरों ने युवक को खोज निकाला। वह अचेत था। उसे रामघाट लाया गया और दारागंज पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एंबुलेंस से उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। जल पुलिस प्रभारी ने बताया कि युवक की जेब से आधारकार्ड मिला, जिस पर उसका नाम हिमांशु (25) पुत्र यतेंद्र कुमार निवासी रोहणी पट्टी, नई दिल्ली लिखा है। इसके अलावा उसके पास से और कुछ नहीं मिला।
युवक के होश में आने पर पता चलेगी वजह
इस संबंध में दारागंज पुलिस का कहना है कि अचेतावस्था में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके होश आने के बाद ही यह पता चलेगा कि वह यहां कैसे पहुंचा और किन कारणों से नदी में कूदकर जान देना चाहता था।