'लव इन रिलेशन' में था प्रयागराज का युवक, संदिग्ध दशा में चली गई जान, हत्या की आशंका
प्रयागराज के दारागंज थाना इलाके में मजदूरी करने वाले युवक की लाश मिली। घरवाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं वहीं पुलिस नशे के कारण मौत की बात कह रही है। पड़ताल की जा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। वह प्रयागराज के दारागंज में पूरा पड़ाइन इलाके में रहता था। एक महिला के साथ 'लव इन रिलेशन' में रहता था। वह मजदूरी करता था और स्मैक का भी आदी था। शनिवार की रात में उसकी संदिग्ध हाल में मौत हो गई। लाश उसकी झोपड़ी से करीब आधा किमी दूर मिली। शरीर पर खरोच के निशान मिले। हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस नशीले पदार्थ के सेवन से मौत की बात कह रही है। हालांकि मामले की तहकीकात कर रही है।
हसीना तीन बच्चों के साथ सुजीत के पास आ गई थी
दारागंज थाना क्षेत्र के पूरा पड़ाइन मुहल्ले में रहने वाले 35 वर्षीय सुजीत यादव पुत्र लड्डन की शनिवार रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सुजीत झोपड़ी बनाकर हसीना नामक महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। वह स्मैक का आदी था और मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। शौहर गब्बर की मौत के बाद हसीना तीन बच्चों के साथ सुजीत के पास आ गई थी। कहा जा रहा है कि शनिवार शाम वह झोपड़ीपट्टी से निकला और कई घंटे तक वापस नहीं आया। घरवालों ने खोजबीन शुरू की तो करीब आधा किलोमीटर दूर मृत पड़ा था। उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे। इस आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बोले, दारागंज थाने के इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर दारागंज धाकेश्वर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण साफ होगा। प्रथम दृष्टया नशीले पदार्थ का अधिक सेवन करने से मौत की बात सामने आ रही है।
बीमारी से मुख्य आरक्षी की मौत
अतरसुइया में रहने वाले 57 वर्षीय अरुण तिवारी उर्फ रवि तिवारी की मौत हो गई। कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव निवासी अरूण तिवारी पुत्र लक्ष्मीकांत तिवारी कचहरी मालखाने में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात थे। वह अतरसुइया में पत्नी गीता तिवारी, एक बेटा व दो बेटियों के साथ रहते थे। शनिवार सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए वह तैयार हो रहे थे, तभी अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।