कौशांबी में युवक फांसी पर झूला, प्रयागराज में कुएं में कूद युवती ने आत्महत्या की Prayagraj News
कौशांबी के कोखराज में पत्नी से झगड़ युवक ने फांसी लगा ली। वहीं प्रयागराज के थरवई थाना इलाके में किशोरी कुएं में कूद गई। दोनों की ही जान चली गई।
प्रयागराज, जेएनएन। शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह प्रयागराज और पड़ोसी जनपद कौशांबी में दो मौतें हुईं। दोनों ने ही आत्महत्या कर अपनी जान दे दी। कौशांबी के कोखराज में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने रात में फांसी लगा ली। वहीं प्रयागराज के थरवई थाना इलाके में किशोरी कुएं में कूद गई। दोनों की ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवाें को कब्जे में ले लिया है।
कोखराज का रहने वाला धुनाई मजदूरी करता था
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के हिसामपुर परसखी का मजरा सुखऊ का पूरा गांव में एक युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। सुखऊ का पूरा निवासी 32 वर्षीय धुनाई प्रसाद पुत्र जगरूप मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। धुनाई का पत्नी से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ करता था। इसे लेकर वह काफी परेशान रहता था।
पत्नी से झगड़े के बाद आत्मघाती कदम उठाया
परिवारवालों की मानें तो शुक्रवार की रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। यह बात धुनाई प्रसाद को नागवार गुजरी। वह अपने कमरे में गया और फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब परिवारवालों की नींद खुली और फंदे पर लटकता धुनाई का शव देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। रोने-चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्वजनों से पूछताछ की।
ननिहाल में रहती थी हिना
सरायइनायत थाना क्षेत्र के मीरापुर सहसों के रहने वाले ज्ञानचंद्र की 16 वर्षीय पुत्री हिना अपने ननिहाल मे रहती थी। उसका ननिहाल थरवई थाना क्षेत्र के पूरनतारा गांव में था। शनिवार की सुबह करीब छह बजे हिना घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। जानकारी होने पर वहां जुटे ग्रामीण पुलिस को सूचना देकर किशोरी को कुएं से बाहर निकालने का जतन करने लगे। इसी बीच वहां पहुंची थरवई पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से किशोरी को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी जान जा चुकी थी।