World TB Day: दवा के साथ रोगियों को अपनत्व की खुराक भी जरूरी, जागरूकता के लिए गांव-गांव में मुहिम
प्रतापगढ़ में एक हजार से कुछ ज्यादा टीबी रोगी हैं। इन्हें छह महीने में चिन्हित किया गया है। कोरोना काल में सर्वे का अभियान थम गया था मगर अब तेजी आई है। इस बीच प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का प्रतापगढ़ आना क्षय रोगियों के लिए सौगात सरीखा रहा
प्रयागराज, जेएनएन। टीबी से संक्रमित मरीजों को सरकारी दवा मिल रही है। रोगियों के घरवालों को इस बात के लिए जागरूक किया जा रहा है कि उनको पौष्टिक भोजन दें। इसके साथ ही मरीजों को समाज का साथ मिले, और तिरस्कार की बजाय अपनत्व भी मिले, इसकी पहल भी प्रतापगढ़ में शुरू की गई है।
देखभाल के लिए मरीजों को लिया जा रहा है गोद
प्रतापगढ़ जिले में मौजूदा समय में एक हजार से कुछ ज्यादा टीबी रोगी हैं। इन्हें छह महीने में चिन्हित किया गया है। कोरोना काल में सर्वे का अभियान थम गया था मगर अब इसमें तेजी आई है। इस बीच प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का बीते महीने प्रतापगढ़ आना क्षय रोगियों के लिए सौगात सरीखा रहा। उन्होंने मरीजों की पीड़ा व उपेक्षा के दंश को ध्यान में रखा तथा इसके प्रति सरकार व गैरसरकारी संगठनों में संवेदना जगाई। राष्ट्रीय क्षय रोग कार्यक्रम व रेड क्रास सोसाइटी के सदस्यों से संवाद में उनका फोकस टीबी पर ही रहा। रेड क्रास सोसाइटी को सक्रिय करने का सुझाव भी दिया। कहा था कि डिग्री कॉलेजों के संचालक व एनजीओ के लोग मरीजों को गोद लें। यानि उनकी दवा, भोजन, फल, दूध का इंतजाम संभालें। उनको जागरूक करें। इस संदेश का असर पड़ा। एलायंस क्लब इंटरनेशनल ने सबसे पहले आगे आकर डेढ़ दर्जन मरीजों को गोद लिया। उनको दवा, भोजन व जरूरी वस्तुएं प्रदान कीं।
59 मरीज हो गए स्वस्थ
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव बताते हैं कि 18 वर्ष तक के 60 मरीजों को गोद लिया गया था, जिसमे से 59 मरीज ठीक हो गए। एक रोगी का इलाज चल रहा है। इस वर्ष 18 वर्ष के 166 मरीजों को गोद लिया गया है।
तेजी से हो रहा सर्वे
जनपद में सभी टीबी मरीजों का सर्वे किया जाएगा। उन मरीजों को गोद लिया जाएगा। इसे सामाजिक दायित्व के रूप में प्रचारित कर रहे हैँ। जो बीमार गरीब है उन्हें सहायता दी जाएगी। 18 से 25 वर्ष तक के युवाओं को भी गोद लिया जाएगा।
पौष्टिकता सबसे जरूरी
टीबी के मरीजों को पौष्टिक आहार चाहिए। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरपी चौबे का कहना है कि टीबी के मरीजों को चना, गुड़, मूंगफली एवं मौसमी फल देने चाहिए। इससे रोग से लड़ने की शक्ति बढ़ती है। नियमित दवा भी दें।
आज लगेगी डिजिटल एक्स-रे मशीन
विश्व टीबी दिवस पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम होगा। जिला क्षय रोग चिकित्सालय में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई जाएगी। साथ ही गोष्ठी व रैली का भी आयोजन दिन में 10 बजे से होगा।