प्रतापगढ़ में तमंचे से चली गोली, महिला जख्मी, घर में कार्यक्रम का हो रहा था आयोजन
प्रतापगढ़ जिले में पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सुखऊ दुबौली गांव के एक घर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक फायर की आवाज लोगों ने सुनी। गोली के छर्रे से संजू 30 पत्नी राजू सिंह घायल हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में तमंचे से गोली चल गई। जद में आने से एक महिला जख्मी हो गई। उसे प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर में कार्यक्रम का आयोजन था। कार्यक्रम में शामिल किसी व्यक्ति ने फायर किया था। फिलहाल अभी तक थाने में किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल संजू को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सुखऊ दुबौली गांव में के एक घर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम शनिवार की रात में आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान देर रात अचानक फायर की आवाज लोगों ने सुनी। गोली के छर्रे लगने से संजू 30 पत्नी राजू सिंह घायल हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तमंचे से गोली चलाए जाने की बात हो रही है। राजू सिंह सहित अन्य लोग मंजू को इलाज के लिए लेकर प्रयागराज स्वरूपरानी अस्पताल ले गए।
पुलिस गोली चलाने वाले की कर रही तलाश
उधर फायरिंग और महिला के जख्मी होने की सूचना पर पट्टी के कोतवाल नरेंद्र फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां से वह प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इस मामले में अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि गोली के छर्रे महिला के चेहरे पर लगे हुए हैं। जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि गोली किसने चलाई। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदमाशों ने कार सवार युवक पर किया फायर, बाल-बाल बचा
प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में कार सवार युवक पर बदमाशों ने सफारी वाहन सवार एक युवक पर फायरिंग कर दी। संयोग ही था कि गोली उसे नहीं लगी। घटना रविवार की शाम की है। सोरांव के भदरी गांव के सामने बाइक सवार दो युवकों ने स्थानीय कस्बा निवासी ऋषभ शुक्ला के सफारी पर हमला किया। गोली सफारी में लगी। लेकिन वह बाल-बाल बचा। भुक्तभोग की मानें तो आरोपित बाइक से थे। उनमें से एक शांतिपुरम और दूसरा लेहरा का निवासी है। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई है।
तमंचे की जोर पर मारपीट कर युवक को लूटा
रानीगंज थाना इलाके में एक युवक को तमंचे की जोर पर लूट लिया गया। डीजल लेकर वह अपने घर रामपुर आधारगंज जा रहा था। रविवार को दोपहर जामताली बाजार के पास बाइक सवार बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाया और मारपीट कर 23 हजार 500 रुपये व दो मोबाइल छीन कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवक को सीएचसी रानीगंज इलाज के लिए भेजा। मामले की नामजद तहरीर दी गई है।