आइ एम सॉरी...मैं सोनू के साथ नहीं रह सकती, इसलिए जान दे रही हूं Prayagraj News
उसका पति से अनबन चल रहा था। पति सऊदी अरब में है। महिला अपनी मासूम बेटी के साथ शास्त्री पुल से उफनाती गंगा नदी में कूद गई। उतरांव से परिजन पहुंचे। गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। आइ एम सॉरी...मैं सोनू के साथ नहीं रह सकती, इसलिए जान देने जा रही हूं। यह कोई फिल्मी डायलाग नहीं, बल्कि हकीकत है। वह हकीकत जिसकी परिणति दो जिंदगियों के समाप्त होने तक पहुंच सकती है। जी हां यह वाकया बुधवार की रात शास्त्री पुल पर दिखा। उफनाती गंगा में मासूम बच्ची को सीने से चिपकाए एक महिला आत्महत्या की नीयत से कूद गई। प्रत्यक्षदर्शी जब तक कुछ समझ सकते या उसे रोकने या फिर पकडऩे की जुगत लगाते, महिला उनकी आंखों से ओझल हो चुकी थी।
पुलिस पहुंची, रात में नहीं हो सकी तलाश
शास्त्री पुल से बुधवार रात अपनी दुधमुंही बेटी को सीने से चिपकाकर एक महिला ने गंगा में छलांग लगा दी। जानकारी होने पर वहां पुलिस भी पहुंची। हालांकि रात में मां-बेटी की तलाश नहीं हो सकी। पुल पर पड़े लेडीज पर्स में सुसाइड नोट और मोबाइल नंबर पुलिस को मिला। इससे दारागंज पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शुक्रवार की सुबह से पुलिस मां और बेटी को ढूंढने का प्रयास कर रही है। हालांकि उफनाई गंगा में दोनों को ढूंढ पाना फिलहाल आसान नहीं नजर आ रहा है।
राहगीर अवाक, उन्हें अफसोस था कि बचा नहीं सके
यह घटना रात करीब नौ बजे हुई। लगभग डेढ़ साल की बच्ची को लेकर एक महिला अचानक शास्त्री पुल की रेलिंग पर चढ़ी। जब तक राहगीर कुछ समझ पाते, महिला बच्ची के साथ गंगा नदी में कूद गई। प्रत्यक्षदर्शियों समेत जानकारी होने पर वहां से गुजर रहे राहगीर अवाक रह गए। सूचना मिली तो दारागंज पुलिस भी वहां पहुंच गई। रेलिंग के पास पड़े पर्स में पुलिस को एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर सुसाइड नोट लिखा था। पुलिस ने उस पर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उतरांव कस्बे में रहने वाले परिवार के लोग थाने आ गए।
उतरांव की तहसीन बानो है कूदने वाली महिला, पति सऊदी में
इसके बाद मालूम चला कि महिला का नाम तहसीन बानो है। उसका ब्याह कासिल अहमद उर्फ सोनू से हुआ था। सोनू रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में है। बेटी का नाम जैना था। परिजनों की मानें तो पति-पत्नी में अनबन चल रही थी। दारागंज थानाध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने बताया कि रात में महिला व बच्ची की तलाश नहीं हो सकी। शुक्रवार की सुबह गोताखोर गंगा की उफनाती लहरों के बीच मां-बेटी की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल उन्हें अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है।