कौशांबी में आग का गोला बनी महिला की मौत, घरेलू कलह से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम
शनिवार की रात समय करीब आठ बजे दोनों बेटे और बहुओं में विवाद हुआ था। खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। इस बीच लखपतिया ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। इससे झुलस गई। कुछ देर बाद मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में घरेलू कलह से आजिज आकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पिपरी थाना इलाके में शनिवार की रात में महिला ने आत्महत्या के इरादे से खुद को आग के हवाले कर दिया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। वहां ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
पिपरी के अकबरपुर मिर्जापुर गांव का मामला
पिपरी थाना क्षेत्र के अकबरपुर मिर्जापुर गांव में 50 वर्षीय लखपतिया उर्फ बिल्ली देवी पत्नी स्वर्गीय बनवारी लाल रहती थी। उसके तीन बेटे मोतीलाल, गेंदलाल और प्रकाश हैं। मोतीलाल सऊदी अरब में नौकरी करता है, वहीं अन्य दोनों बेटे गांव में ही रहते हैं। दोनों बेटे पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। लखपतिया बनवारी लाल साथ रहती थी। आसपास के लोगों का कहना है कि संपत्ति के बंटवारे आदि को लेकर दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता था।
शनिवार की रात में बेटे-बहुओं में हुआ था विवाद
बताते हैं कि शनिवार की रात समय करीब आठ बजे दोनों बेटे और बहुओं में विवाद हुआ था। खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। इस बीच लखपतिया ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आग की लपटों को देख कर जुटे ग्रामीणों व स्वजन आनन-फानन में लखपतिया को जिला अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर देखकर उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। स्वजन एसआरएन अस्पताल ले ही जा रहे थे कि उनकी सांसे थम गई।