प्रतापगढ़ में महिला की पीट-पीटकर हत्या, स्कूल में मिला रक्तरंजित शव
लाल साड़ी पहने महिला के सिर पर डंडे व ईंट से कई प्रहार करके मारा गया था। बेरहमी इस कदर हुई थी कि काफी दूर तक खून बहा था। महिला का एक दांत भी चोट से टूट गया था।
प्रतापगढ़, जेएनएन। महेशगंज थाना क्षेत्र के पटना नहर चौराहा के पास एक बंद पड़े स्कूल में महिला को पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह वारदात बुधवार की रात हुई। महिला की रक्तरंजित लाश पाई गई। देर शाम तक यह पता नहीं चल सका था कि मरने वाली महिला कौन थी, कहां की थी।
महिला के सिर पर मिले डंडे और ईंट से चोट के निशान
पटना नहर चौराहे के पास शांभवी संस्कृत इंटर कालेज है। यह इन दिनों बंद चल रहा है। कालेज के बरामदे में गुरुवार की सुबह बगल स्थित मंदिर पर दर्शन-पूजन करने के लिए आए कुछ ग्रामीणों ने शव देखा। लाल साड़ी पहने महिला के सिर पर डंडे व ईंट से कई प्रहार करके मारा गया था। बेरहमी इस कदर हुई थी कि काफी दूर तक खून बहा था। महिला का एक दांत भी चोट से टूट गया था। उसकी चूडिय़ां भी टूटी थीं। एक सेट कपड़ा पन्नी में बगल में रखा था।
महिला के हाथ पर लिखा है अशर्फी लाल
महिला के एक हाथ पर अशर्फी लाल गोदा गया दिखा। आम तौर पर इस तरह के नाम पति का होता है। बगल में ही विद्यालय के परिसर में घास में बांस का एक टुक ड़ा मिला, जिसमें खून लगा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान राजेंद्र तिवारी राजू ने मामले की सूचना महेशगंज पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम सुंदर लाल श्रीवास्तव मौके पहुंचे और जांच की। महिला के शव की पहचान ग्रामीणों से कराई, पर कोई उसे पहचान न सका। दोपहर में सीओ सदर तनु उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर बुलाई और टीम ने जरूरी नमूने जुटाए। हत्या में प्रयुक्त बांस के टुकड़े को अपने कब्जे में ले लिया।
शव की नहीं हो सकी शिनाख्त, पुलिस जांच में जुटी
शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पंचायतनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वैसे जिस हाल में निर्जन स्कूल में शव मिला है उससे महिला के साथ दुष्कर्म की भी लोगों को व पुलिस को आशंका है। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। इस बारे में एएसपी पश्चिमी दिनेश द्विवेदी का कहना है कि अज्ञात महिला की हत्या कर शव फेंका गया है। जांच की जा रही है।