प्रयागराज के धूमनगंज में पत्नी की गला दबाकर हत्या, फरार आरोपित पति पुलिस की पकड़ से दूर
प्रयागराज के धूमनगंज के लाल बिहारा में पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार है। हत्या का कारण साफ नहीं है। पुलिस छानबीन कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। नगर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के लाल बिहारा मोहल्ले में रविवार की रात हत्या हो गई। शहनाज की गला दबाकर उसके पति ने ही हत्या कर दी। बेटी ने अपने पिता सुनील यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फरार आरोपित की तलाश कर रही है। हालांकि अभी भी वह पुलिस की पकड़ से दूर ही है। फिलहाल कत्ल का कारण नहीं पता चल सका है।
शहनाज की दूसरी शादी सुनील से हुई थी, दोनों में अक्सर झगड़ा होता था
धूमनगंज थाना इलाके के लालबिहारा बमरौली निवासी सुनील यादव कैटरिंग का काम करता है। शहनाज ने उससे दूसरी शादी की थी। शहनाज की पहले पति से सात बेटियां हैं जबकि एक बेटा सुनील से हुआ है। कहा जा रहा है कि अक्सर सुनील और शहनाज के बीच किसी न किसी बात पर विवाद होता रहता था। रविवार की रात में भी दोनों में झगड़ा हुआ था। इससे आक्रोशित होकर सुनील ने शहनाज का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर छोड़कर भाग निकला।
बेटी घर पहुंची तो हत्या की हुई जानकारी
कुछ देर बाद शहनाज की बड़ी बेटी घर पर आई तो उसे हत्या की जानकारी हुई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। इसी बीच सूचना पाकर धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद सुनील के परिवार के लोगों से पूछताछ की। आसपास के लोगों से भी जानकारी ली और घर में छानबीन की। उधर परिवार के लोग शहनाज की हत्या से गमगीन हैं।
बोले, इंस्पेक्टर धूमनगंज
इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि बेटी ने अपने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टया कत्ल के पीछे पारिवारिक कारण हो सकता है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आरोपित की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल आरोपित की तलाश की जा रही है। वहीं आरोपित अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है।