पत्नी का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने पान मसाला नहीं दिया, की हत्या Prayagraj News
चार वर्षीय बेटे अंश ने जो बताया उससे पुलिस भी हतप्रभ हो गई। बच्चे ने बताया कि रात में पापा ने मम्मी से गुटखा मांगा। मम्मी ने नहीं दिया तो इसे लेकर झगड़ा हुआ और मार डाला।
प्रयागराज, जेएनएन। उस महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि पति के मांगने पर उसने पान मसाला उसे नहीं दिया। फिर क्या था इससे आग बबूला हुए युवक ने उसे बेरहमी से पीटा। इस पर भी जब मन नहीं भरा तो अपने दो भाइयों के साथ गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और शव फांसी पर लटका दिया ताकि यह लगे कि उसने आत्महत्या की है। यह मामला पड़ोसी जनपद कौशांबी का है।
मासूम बेटे ने खोला राज वरना पति खुदकशी की बात कह रहा है
पड़ोसी जनपद कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के परसरा गांव इस घटना की सूचना पर सीओ व कोतवाल पहुंचे। जांच और पड़ताल के बाद उन्होंने मामले की जानकारी महिला के चार वर्षीय बेटे से पूछा तो सकते में आ गए। बेटे ने बताया कि गुटखा न देने पर पिता और चाचा ने उसकी मां की हत्या कर दी। इस पर पुलिस ने पति समेत उसके भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पति अभी भी पत्नी की खुदकशी की बात कह रहा है।
कैसे हुई वारदात
परसरा निवासी मनोज कुमार पुरोहित है। उसकी शादी 2011 में संगीता पुत्री शत्रुघ्न के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे अंश व प्रियंजला हैं। पति मनोज से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर संगीता से झगड़ा हुआ करता था। आए दिन की कलह से संगीता परेशान थी। कई बार उसने मायके वालों को जानकारी दी। संगीता के पिता ने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
पति ने सारी हदें पार किया
रात जो हुआ, उसने सभी हदें पार कर दी। सुबह संगीता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस पहुंची तो चार वर्षीय बेटे अंश ने जो बताया उससे पुलिस भी हतप्रभ हो गई। बच्चे ने बताया कि रात में पापा ने मम्मी से गुटखा मांगा। मम्मी ने नहीं दिया तो इसे लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि पापा और उसके दो चाचा ने मिलकर मां संगीता की जमकर पिटाई कर दी और फिर रस्सी से गला दबा दिया। बाद में मम्मी को छत के चुल्ले से लटका दिया। जबकि पति मनोज का कहना है कि झगड़े के बाद उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है।
आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में लिया
फिलहाल पुलिस ने पति और उसके भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घटना की जानकारी होने पर मृतका के पिता शत्रुघ्न भी परसरा पहुंचे। उन्होंने भी हत्या का आरोप लगाया। सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि बच्चे के बयान के मुताबिक हत्या की बात सामने आ रही हैै। फिर भी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतका के पिता से तहरीर लेकर कार्रवाई की जाएगी।