अंतरराष्ट्रीय साफ्ट टेनिस खिलाड़ी मुस्कान का बीबीएस में स्वागत Prayagraj News
चीन जाने से पहले बीबीएस स्कूल के प्रबंधक रणजीत सिंह प्रधानाचार्य रजनी शर्मा वाइस प्रिंसिपल अर्चना जायसवाल ने उनका स्वागत किया।
प्रयागराज,जेएनएन : अंतरराष्ट्रीय साफ्ट टेनिस खिलाड़ी मुस्कान का बीबीएस में जोरदार स्वागत हुआ। यहां पर उन्होंने नर्सरी से इंटरमीडिएट की तक की पढ़ाई की है। पिछले दिनों इनका अंतरराष्ट्रीय साफ्ट टेनिस प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था। वह 25 अक्टूबर को चीन के लिए रवाना होगी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उन्हें चीन जाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में कई लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की और अब वह जाने के लिए तैयार हैं। चीन जाने से पहले बीबीएस स्कूल के प्रबंधक रणजीत सिंह, प्रधानाचार्य रजनी शर्मा, वाइस प्रिंसिपल अर्चना जायसवाल ने उनका स्वागत किया।
सब जूनियर बालिका हॉकी का ट्रायल कल:
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता 21 से 26 अक्टूबर तक गोरखपुर में होगी। इसके लिए मंडलीय टीम का गठन प्रयागराज में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि सब जूनियर बालिका हॉकी की जिला स्तरीय टीम के लिए ट्रायल 17 अक्टूबर को और मंडल स्तरीय टीम के लिए ट्रायल 19 अक्टूबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा। उन्होंने बताया कि जिन खिलाडिय़ों का जन्म एक जनवरी 2004 के बाद हुआ हो, वह इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
जूनियर हॉकी बालिका टीम के लिए ट्रायल 28 को:
प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका वर्ग हॉकी प्रतियोगिता एक से छह नवंबर तक इटावा में होगी। इसके लिए जिला और मंडल स्तरीय टीम बनाई जाएगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि जिला स्तरीय जूनियर हॉकी टीम के लिए ट्रायल 28 अक्टूबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में अपराह्न तीन बजे होगी। जबकि मंडलीय टीम के लिए ट्रायल यहीं पर 31 अक्टूबर को होगा। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2001 के बाद जन्मे खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं।