सत्संग के जरिए घर-घर पैठ बनाएगी विश्व हिंदू परिषद, जल्द शुरू होगा अभियान, पदाधिकारी अभियान को देंगे गति Prayagraj News
संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी हिदायत दी है कि महामारी को देखते हुए कोविड 19 के प्रोटोकाल का भी पूरा पालन करें। जो सत्संग आयोजित हों उनमें शारीरिक दूरी जैसे नियम का पालन करते हुए शामिल होने वाले लोगों की संख्या को भी सीमित रखें।
प्रयागराज,जेएनएन। विश्व हिंदू परिषद सत्संग के जरिए हिंदू समाज में अपनी पैठ बढ़ाएगी। इसके लिए जल्द ही अभियान शुरू होगा। सभी मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी संगठन के पदाधिकारी अभियान को गति देंगे। जगह जगह सत्संग आयोजित किए जाएंगे। इसमें धार्मिक पूजन, प्रवचन के साथ ही महापुरुषों से संबंधित जानकारियां भी दी जाएंगी। उनके जीवन व कृतित्व पर भी विमर्श होगा। खास कर युवा पीढ़ी को इस अभियान का मुख्य हिस्सा बनाया जाएगा।
लोगों से जुडऩे के लिए होंगे विविध आयोजन
विहिप प्रवक्ता अश्वनी मिश्र ने बताया कि पूर्णकालिक सदस्यों की बैठक में तय किया गय कि महामारी के कारण ठप पड़ चुकी गतिविधियों को बढ़ाया जाए। यदि तीसरी लहर भी आती है तो संगठन की गतिविधि को बंद न होने दिया जाए बल्कि किसी न किस तरह समाज से जुड़े रहें और लोगों की मदद का क्रम भी जारी रखें। तीन या चार जुलाई तक सभी प्रभागों में बैठक कर सत्संग के कार्यक्रम तय कर लिए जाएं। यह आयोजन अलग अलग मोहल्लों व गांव में साप्ताहिक कैलेंडर के अनुसार किए जाएंगे।
संगठन के पदाधिकारी अभियान को देेंगे गति
संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी हिदायत दी है कि महामारी को देखते हुए कोविड 19 के प्रोटोकाल का भी पूरा पालन करें। जो सत्संग आयोजित हों उनमें शारीरिक दूरी जैसे नियम का पालन करते हुए शामिल होने वाले लोगों की संख्या को भी सीमित रखें। आवश्यक हो तो दो बार कार्यक्रम का आयोजन करें। सभी में संगठन के पदाधिकारी भी जरूर शामिल हों। उनका बौद्धिक भी कराया जाए। ऐसा करने से समाज के चारित्रिक उत्थान में मदद मिलेगी। इन आयोजनों में महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चत करने के लिए निर्देशित किया गया। यदि कहीं कोरोना का प्रभाव ज्यादा हो तो ऑनलाइन आयोजन भी किए जा सकते हैं।