कौशांबी में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, चली गोली, एक की मौत व दो जख्मी Prayagraj News
रामसिंह उसका भतीजा विजय सिंह और विमलेश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया जहां विजय की मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में शुक्रवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे व गोली चली। इसमें एक पक्ष से तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराकर घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सुबह घायलों में से एक 25 वर्षीय विजय की मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
दोनों पक्षों में लाठी-डंडे भी चले, असलहे से हुई फायरिंग
शेरपुर गांव निवासी रामसिंह यादव का गांव के ही मक्खन लाल यादव से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर शुक्रवार की रात में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गया। रामसिंह मवेशियों का चारा लाने खेत की तरफ जा रहा था। इसी बीच विपक्षी उससे गाली-गलौच करने लगे। बात बढ़ी तो दोनों तरफ के लाेग जुट गए। एक पक्ष से विजय सिंह, विमलेश, भोला यादव और दूसरे पक्ष से ननकू, नीरज, संजय, गामा, भोंदल सहित दर्जनों लोग लाठी-डंडे व असलहे से लैस हो कर आ गए। दोनों तरफ से जमकर लाठी चली और फायरिंग हुई।
एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान विजय की हुई मौत
मारपीट के दौरान रामसिंह, उसका भतीजा विजय सिंह और विमलेश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इलाज के दाैरान सुबह विजय की मौत हो गई। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल कोई भी आरोपित पुलिस की पकड़ में नहीं आया।