CAA Protest पर विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा, हिंसा को कठोरता से कुचले सरकार Prayagraj News
विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने यह आरोप भी लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रवास के दौरान साजिश के तहत दिल्ली और अलीगढ़ में हिंसा कराई गई।
प्रयागराज, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में चल रहे आंदोलन में हिंसा को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि सरकार हिंसा को कठोरता से कुचले। ड्रोन से छतों पर चेक कराया जाए कि कहां पत्थर रखे हैैं।
आरोप लगाया कि साजिश के तहत दिल्ली और अलीगढ़ में हिंसा कराई गई
विहिप के केंद्रीय महामंत्री ने यह आरोप भी लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रवास के दौरान साजिश के तहत दिल्ली और अलीगढ़ में हिंसा कराई गई। कहा कि संतों के साथ मिलकर विहिप भी सीएए को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए अभियान चलाएगी। विहिप के केंद्रीय महामंत्री पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने के लिए विहिप के केंद्रीय महामंत्री प्रयागराज आए थे।
कहा-छुटभैये नेता हिंदू समाज का अपमान करने वाले बयान दे रहे
विहिप प्रांत कार्यालय में मीडिया से मुखातिब परांडे ने कहा कि कुछ जेहादियों ने अलीगढ़ में षडयंत्रपूर्वक भगवान श्री वाल्मीकि मंदिर पर हमले सहित अनेक स्थानों पर हिंसा व आगजनी की। दिल्ली में कई क्षेत्रों में दंगाइयों द्वारा पथराव, आगजनी और गोलीबारी की गई। कहा कि संविधान की रक्षा करने तथा अहिंसा का ढोंग रचने वालों को प्रशासन द्वारा कठोरता से कुचलने की आवश्यकता है। वारिस पठान जैसे छुटभैये नेता हिंदू समाज का अपमान करने वाले बयान दे रहे हैं। मुस्लिम समाज को यह बात गंभीरता से समझनी होगी कि यदि उनका नेतृत्व अराष्ट्रीय व हिंसक प्रवृति के लोगों के हाथ में रहा तो संपूर्ण मुस्लिम समाज को उनकी करतूतों के दुष्परिणाम झेलने पड़ेंगे। पड़ोसी देशी के अल्पसंख्यकों को नागरिकता दिलाने में विहिप भी आगे आएगी।
दो लाख गांवों में मनेगा रामोत्सव
परांडे ने बताया कि देश के दो लाख गांवों में रामोत्सव मनाया जाएगा। अयोध्या में मंदिर निर्माण पर आए फैसले को लेकर रथ यात्राएं निकलेंगी। यह उत्सव नवरात्र के प्रारंभ पर 25 मार्च से लेकर हनुमत जयंती यानी आठ अप्रैल तक चलेगा। प्रयागराज में तैयारियों के लिए उन्होंने बैठक की। विहिप को उम्मीद है कि आम ङ्क्षहदुओं के धन से मंदिर बनेगा।
देश में विहिप के 30 लाख सदस्य
उन्होंने बताया कि देश भर में पिछले दिनों विहिप ने हितचिंतक अभियान चलाया। इस दौरान देश भर में 30 लाख हितचिंतक (सदस्य) बनाए गए। इसमें लगभग साढ़े सात लाख महिलाएं हैैं। प्रयागराज में लगभग 30 हजार हितचिंतक बने हैैं।