परिवार क्षरण रोकने को विहिप कार्यकर्ताओं ने कमर कसी Prayagraj News
संस्कार संस्कृति और जीवन मूल्य विषय पर परिचर्चा की। कहा कि मां भारत माता गोमाता मठ-मंदिर व धर्मग्रंथों की सुरक्षा व संरक्षा की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं की है।
प्रयागराज,जेएनएन। विश्व हिंदू परिषद अब हिंदू परिवारों के विघटन को रोकने के लिए देश भर में विशेष अभियान चलाने जा रहा है। अभियान के तहत हिंदू परिवारों को टूटने से बचाया जाएगा। इसके लिए परिषद देश भर के अपने एक हजार कार्यकर्ताओं को परिवार संस्कार का विशेष प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन माघ मेला में किया है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता अब अपने जिले में स्थानीय स्तर पर वर्ग लगाकर समाज के लोगों को परिवार संस्कार बताएंगे।
कार्यकर्ताओं को दिया गया दो दिन के परिवार संस्कार का प्रशिक्षण
माघ मेला के परेड मैदान स्थित विहिप के शिविर में दो दिन परिवार संस्कार का प्रशिक्षण वर्ग हुआ। बुधवार को समापन सत्र में हैदराबाद के भाग्यनगर से आए परिषद के संयुक्त महामंत्री वाई.राघव लू ने संस्कार, संस्कृति और जीवन मूल्य विषय पर परिचर्चा की। कहा कि मां, भारत माता, गोमाता, मठ-मंदिर व धर्मग्रंथों की सुरक्षा व संरक्षा की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं की है। किसी भी हाल में इन पर हमला बर्दाश्त नहीं होगा। विहिप के उपाध्यक्ष जीवेश्वर मिश्र ने कहा कि युगों-युगों से संत समाज का मार्गदर्शन समाज को मिलता रहा है।
मार्गदर्शन और सहयोग लेने के लिए कार्यकर्ता संतों के संपर्क में रहेंगे
विश्व हिंदू परिषद को भी प्रारंभ से लेकर अब तक संत सहयोग करते रहे हैैं। आगे भी संतों का मार्गदर्शन और सहयोग लेने के लिए कार्यकर्ताओं को उनके संपर्क में रहना होगा, क्योंकि परिवार संस्कार कार्यक्रमों में संत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय महामंत्री विनायक देशपांडे ने सामाजिक समरसता पर जोर दिया। कहा कि यह व्यवहार में भी दिखना चाहिए। छुआछूत जैसी विषमताएं दूर होनी चाहिए। केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि कार्यकर्ताओं को दायित्व का बोध होना चाहिए। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता अपने जिलों में कमेटियां बनाएंगे और हर जिले में दो-दो हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, केंद्रीय संत संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी, क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह, प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार मौजूद रहे।
कुछ ने लिया विदा, कुछ लगाएंगे मौनी अमावस्या पर पुण्य की डुबकी
विहिप के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक और इसके दूसरे दिन संत सम्मेलन में देश भर से हिस्सा लेने आए संत और परिषद के पदाधिकारियों ने कुछ ने तो मंगलवार और बुधवार को विदा ले लिया जबकि काफी लोग मौनी अमावस्या स्नान के लिए अभी संगम की रेती पर रुके हैैं।