प्रतापगढ़ में तिलकोत्सव के दौरान चुनावी रंजिश में विजेता प्रधान प्रत्याशी के समर्थक को मार दी गोली
प्रतापगढ़ जनपद में आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में चुनाव की रंजिश में प्रधान प्रत्याशी के समर्थक को विपक्षी ने मार गोली दी। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में चुनाव की रंजिश में प्रधान प्रत्याशी के समर्थक विनय सिंह (40) को विपक्षी ने मार गोली दी। आरोप है कि पराजित प्रधान प्रत्याशी ने ही गोली मारी। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने हमलावरों की तलाश में उनके घर पर दबिश दी, लेकिन हमलावर घर से फरार हो गए थे।
तिलक समारोह के दौरान विवाद और फिर वारदात
गौसपुर गांव के निवर्तमान प्रधान दिनेश मिश्रा के खिलाफ सोनू ने प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। सोनू का विनय सिंह पुत्र राम नारायण सिंह ने समर्थन किया था। इसी वजह से दिनेश की विनय से रंजिश चल रहे थी। रविवार को मतगणना होने पर सोनू प्रधान निर्वाचित हो गए। इससे विपक्षी दिनेश मिश्र बौखला गए।
इस बीच गौसपुर गांव के रहने वाले वंशराज सिंह के घर पर सोमवार की शाम तिलकोत्सव था। विनय तिलकोत्सव में शामिल होने गए थे। आरोप है कि वहीं पर दिनेश मिश्र और उनके साथ मौजूद चार लोग विनय से विवाद करने लगे। कहासुनी के बीच उन लोगों में किसी व्यक्ति ने विनय को गोली मार दी। गोली पेट में लगी तो विनय गिर पड़े।
छापेमारी की गई मगर आरोपी फरार
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग फौरन वहां पहुंचे और घटना की जानकारी विनय के घर वालों और पुलिस को दी। विनय के स्वजन उन्हें फौरन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया। इस बारे में एसओ अमरनाथ राय ने बताया कि चुनाव की रंजिश में विनय सिंह को गोली मारी गई है। हमलावरों की तलाश में उनके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सभी आऱोपित अपने घर और गांव से फरार हैं।