UP सरकार सामाजिक आंदोलनों का कर रही दमन, प्रयागराज में बोलीं अपना दल कमेरावादी नेता पल्लवी पटेल
पल्लवी पटेल ने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस होने चाहिए क्योंकि ये किसानों के खिलाफ हैं। सामाजिक न्याय के आधार पर सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया चालू की जानी चाहिए। जातिवार जनगणना कब पूरी होगी इसका जवाब भी सरकार को देना होगा
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. पल्लवी पटेल ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक आंदोलनों व नेताओं का दमन कर रही है। वाराणसी से शुरू होने वाली अधिकार यात्रा को रोककर उसने अपने दमनकारी होने का सुबूत भी दे दिया है। केंद्र सरकार से उन्होंने ऐसी सरकार के खिलाफ जांच और अंकुश लगाने की मांग की है।
प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश
पल्लवी पटेल ने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस होने चाहिए, क्योंकि ये किसानों के खिलाफ हैं। सामाजिक न्याय के आधार पर सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया चालू की जानी चाहिए। जातिवार जनगणना कब पूरी होगी, इसका जवाब भी सरकार को देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सौ सीटों पर पार्टी उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। प्रयागराज जिले में भी छह सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी की बैठक में तय होगा। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से किसी भी प्रकार की रार से उन्होंने इन्कार किया। कहा कि अनुप्रिया पटेल को जब ये समझ में आएगा कि उन्होंने पार्टी से अलग होकर गलती की है तो वह स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के पास आ जाएंगी।
संपूर्ण क्रांति दल का अपना दल (कमेरावादी) में विलय
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह उसी पार्टी के साथ गठबंधन करेंगी, जो पिछड़े, शोषित, कमेरा समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। इस दौरान संपूर्ण क्रांति दल के अध्यक्ष विनय कुशवाहा ने पार्टी का अपना दल (कमेरावादी) में विलय करने की घोषणा की। कहा कि वे पहले अपना दल में ही थे, लेकिन बाद में अपनी पार्टी बना ली थी। लेकिन अब पुन: अपने घर में वापस आ गए हैं। वे पार्टी को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे।