यूपी के कैबिनेट मंत्री नंदी ने की अपील, कहा- जन्माष्टमी मनाएं लेकिन कोविड-19 के प्रोटोकाल को भी मानें
मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता में दिए गए उपदेश में बताया है कि कर्म योग प्रमुख होता है। सभी को इसका अनुसरण करना चाहिए। यह संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का पूरा जीवन एक संदेश है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी इन दिनों प्रयागराज प्रवास पर हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी है। कहा कि सभी लोग पर्व मनाएं लेकिन कोविड-19 से बचाव संबंधी प्रोटोकाल का अनिवार्य रूप से पालन करें। ऐसा नहीं करेंगे तो पूरा समाज संकट में घिर सकता है। सभी को पता है कि महामारी से बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। पिछले दिनों बरती गई थोड़ी से लापरवाही के कारण ही कोरोना की दूसरी लहर भी आ गई। उसमें हम सब ने बहुत कुछ खो दिया। अब सजग रहने की जरूरत है।
बोले- श्रीकृष्ण का पूरा जीवन एक संदेश
मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में दिए गए उपदेश में बताया है कि कर्म योग प्रमुख होता है। सभी को इसका अनुसरण करना चाहिए। यह संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का पूरा जीवन एक संदेश है। हम सभी लोगों को उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। सभी को चाहिए कि जीवन में प्रेम व समरसता बनाए रखें। बिना भाईचारे के किसी भी तीज त्यौहार का कोई औचित्य नहीं है।
अपनी संस्कृति को बचाए रखने की सीख दी
उन्होंने कहा कि हमारा देश त्योहार और उत्सव का देश है। यह तभी संभव है जब हम सब एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। आज जरूरत है कि गौरवशाली परंपरा का निर्वहन किया जाए। अपनी संस्कृति को भी बचाएं रखना होगा। कैबिनेट मंत्री नंदी प्रयागराज प्रवास के दौरान शहर दक्षिण का भ्रमण कर लोगों की समस्याओं को भी सुन रहे हैं। बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के घर भी जा रहे हैं।
एक सितंबर से मदरसों में भी चलेंगी भौतिक कक्षाएं : नंदी
सभी मदरसों में एक सितंबर से भौतिक कक्षाएं शुरू होंगी। इस दौरान कोविड 19 के प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करना होगा। यह निर्देश अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने दिया है। प्रयागराज प्रवास के दौरान उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों, मान्यता प्राप्त विद्यालयों व अन्य बोर्ड के स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक के बच्चों के लिए शिक्षण कार्य 23 अगस्त से शुरू हो चुका है। कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए भी भौतिक कक्षाएं एक सितंबर से शुरू होंगी। इसी क्रम में मदरसा शिक्षा परिषद से मान्यता/ सहायता प्राप्त मदरसों में भी भौतिक कक्षाओं का संचालन शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। मदरसों में सुनिश्चित करना होगा कि कोविड से बचाव संबंधी निर्देशों का पालन हो। प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। साबुन से हाथ धुलने और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी मदरसों में करनी होगी।