यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा-कोविड-19 की वैक्सीन पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है
यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने कहा कि जब पूरा देश उम्मीद के साथ वैक्सीन पर नजर रखे हैं तो भी पार्टी जाति क्षेत्र जैसी छोटी छोटी बातों को लेकर नकारात्मक भाव रखना अलगाव व विभाजन की प्रवृत्ति दर्शाने वाला है।
प्रयागराज, जेएनएन। देश ही नहीं पूरी दुनिया कोविड-19 से जूझ रही है। इससे निजात पाने के लिए हर कोई तरह तरह के जतन में लगा है। एक साथ कई वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है। खास बात यह कि देश में भी दो वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है। जब कि कई और वैक्सीन ट्रायल के दौर में हैं। यह संभव हुआ है डॉक्टरों, विज्ञानियों की कड़ी मेहनत के बाद। दुर्भाग्य है कि इस पर भी विपक्ष राजनीति कर रहा है। यह कहना कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी का।
बोले नंदी-नकारात्मक प्रवृत्ति देश, राज्य व समाज के लिए घातक है
प्रयागराज आगमन पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सपा नेता अखिलेश यादव ने बयान दिया कि भाजपा की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। अन्य लोगों से भी इसका बहिष्कार का आह्वान उन्होंने किया है। इस तरह की नकारात्मक प्रवृत्ति देश, राज्य व समाज के लिए घातक है। यह विज्ञानियों व डॉक्टरों की मेहनत का भी अपमान है। जब पूरा देश उम्मीद के साथ वैक्सीन पर नजर रखे हैं तो भी पार्टी, जाति, क्षेत्र जैसी छोटी छोटी बातों को लेकर नकारात्मक भाव रखना अलगाव व विभाजन की प्रवृत्ति दर्शाने वाला है। किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को इस तरह की बात करना शोभा नहीं देता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी
भाजपा कशी प्रांत के उपाध्यक्ष अवधेश गुप्त ने कहा कि इस समय पूरा विपक्ष नकारात्मक राजनीति में लगा है। यहां तक कि देश विरोधी बयान भी दिये जा रहे हैं। यह शुभ संकेत नहीं है। इस प्रवृत्ति की मै निंदा करता हूं।
भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष नरसिंह ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, जनहित अपनी जगह। अपने हित में समाज को गलत दिशा देना या भ्रमित करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। किसान आंदोलन को लेकर भी यही किया जा रहा है और अब कोविड वैक्सीन को लेकर भी नकारात्मक राजनीति हो रही है।