प्रयागराज और प्रतापगढ़ में तीन युवकों की तालाब में डूबकर मौत Prayagraj News
प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़ जनपदों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तालाब में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। इनमें से दो दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गए थे।
प्रयागराज, जेएनएन। सरायइनायत थाना क्षेत्र के कौडरु गांव में बुधवार की दोपहर बाद एक युवक की तालाब में डूबकर जान चली गई। इसी क्रम में पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ के फतनपुर और कंधई थाना क्षेत्रों में तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। एक तालाब में मछली पकड़ने गया था तो दो दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन में शामिल होने गए थे। परिवार में गमगीन माहौल है।
दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन में गए थे, डूबने से हुई मौत
सरायइनायत थाना क्षेत्र के कौडरु गांव में बुधवार की दोपहर बाद दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन में गांव का रवि पटेल गया था। प्रतिमा प्रवाहित करने के बाद लोगों के साथ वह तालाब में नहाने लगा। इसी दौरान गहरे पानी में जाकर वह डूब गया। उसका शव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। परिजन बिलख रहे हैं। इसी प्रकार कंधई थाना क्षेत्र के अमहरा गांव निवासी मोनू 22 पुत्र दौलत राम मंगलवार की दोपहर में महाकालेश्वर धाम पुरुषोत्तमपुर पर स्थित तालाब के पास दुर्गा पूजा विसर्जन में शामिल होने गया था। विसर्जन के बाद मोनू तालाब में ग्रामीणों के साथ स्नान करने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया जब तक लोग प्रयास करते वह डूब चुका था। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन ऐसा कर न सके।
मशक्कत के बाद मोनू का शव बरामद हुआ
सूचना पर पहुंचे एसओ कंधई राकेश कुमार सिंह ने गोताखोर बुलाकर उसे ढूंढने का प्रयास शुरू करवाया। मोनू के डूबने की सूचना पर महाकालेश्वर धाम पुरुषोत्तमपुर स्थित तालाब के पास मोनू के परिजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने मोनू के शव को बाहर निकाला। परिजनों की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं।
मछली पकड़ने गया था पप्पू, तालाब में मिली लाश
फतनपुर थाना क्षेत्र के कनेवरा पूरे पांडेय गांव निवासी पप्पू 22 पुत्र मुसई ढफाली मंगलवार की दोपहर ढेलहा कलीमुरादपुर गांव स्थित एक तालाब में मछली पकड़ने के लिए गया था । जब वह शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। खोजबीन करने पर पता चला की मछली पकड़ते समय पप्पू तालाब में उतर गया था। अनुमान लगाया गया कि वह तालाब के पानी में डूब गया। इस पर ग्रामीणों ने तालाब में उसकी तलाश करने लगे। घंटों मशक्कत के बाद पप्पू का शव बाहर निकाला। परिजन शव को घर ले आए। परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।