प्रतापगढ़ में गुंडा टैक्स न देने पर चाकूबाजी, दो टेंपो चालक जख्मी
दबंग आ गया। फिर से उसने गुंडा टैक्स की मांग की। इन्कार करने पर वह आग बबूला हो गया। विवाद बढऩे पर उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।
प्रतापगढ़,जेएनएन। शहर के बीचोंबीच एक दबंग ने गुंडा टैक्स न देने पर दो टेंपो चालकों पर हमला कर दिया। दोनों लहूलुहान हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद बदमाश टेंपो चालकों को धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है।
गुंडा टैक्स न देने पर किया हमला
नगर कोतवाली क्षेत्र के सरायखांडेराय गांव का सचिन कुमार टेंपो चालक है। वह जिला सहकारी बैंक के पास अड्डे से टेंपो चलाता है। कई अन्य टेंपो भी वहां से मानधाता, कटरा, लीलापुर आदि स्थानों के लिए चलते हैं। कुछ दिनों से एक दबंग अड्डे पर आकर गुंडा टैक्स मांग रहा था। इसको लेकर विवाद हुआ था। शनिवार को सचिन टेंपो लेकर शहर में दोपहर को आया। वह पुलिस लाइन के पास खड़ा था। एक और टेंपो चालक शेष नारायण भी बगल में खड़ा था। इसी बीच वह दबंग आ गया। फिर से उसने गुंडा टैक्स की मांग की। इन्कार करने पर वह आग बबूला हो गया। विवाद बढऩे पर उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले से सचिन व शेष नारायण घायल हो गए। उनके चीखने व चिल्लाने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस बता रही पुराना विवाद, हमलावर की तलाश
इस बीच मौके पर हमलावर फरार हो गया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। शहर कोतवाल प्रवीण कुशवाहा ने वहां जाकर दोनों घायलों से मामले की जानकारी ली। उनको कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों में पुराना विवाद होने की जानकारी मिली है। हमलावर की तलाश की जा रही है।