Coronavirus : प्रयागराज में आठ माह का बच्चा समेत दो संक्रमित, दो अस्पतालों की ओपीडी व वार्ड सील
दोनों ही मरीजों का ऑपरेशन किया जाना था। आइसीएमआर की गाइड लाइन के मुताबिक ऑपरेशन के पहले जब उनका कोविड19 टेस्ट हुआ तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप प्रयागराज में भी जारी है। रोज ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अब कोरोना पॉजिटिव दो नए मामले सामने आए हैं। इसमें एक आठ माह का बच्चा भी है। यह दोनों मरीज शहर के अलग-अलग निजी अस्पताल में भर्ती थे। जिन अस्पतालों में मरीज भर्ती थे, वहां की ओपीडी व वार्ड को सील कर दिया गया है।
दोनों ही मरीजों का ऑपरेशन होना था
दोनों ही मरीजों का ऑपरेशन किया जाना था। आइसीएमआर की गाइड लाइन के मुताबिक ऑपरेशन के पहले जब उनका कोविड:19 टेस्ट हुआ तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद ऑपरेशन करने के बजाय दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आठ माह का बच्चा हटवा उपरहार सल्लाहपुर व दूसरा मरीज प्रतापगढ़ जिले के पूरे चंडी का रहने वाला है। अब तक कुल 147 पॉजिटिव केस मिले हैं।
नोडल अधिकारी बोले-दोनों अस्पताल सील
कोरोना वायरस नियंत्रण के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि दोनों मरीज निजी अस्पताल में भर्ती थे। संक्रमण और लोगों में न फैले, इसलिए दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आठ माह का बच्चा फिनिक्स हॉस्पिटल में भर्ती था। इसलिए उसकी ओपीडी व वार्ड को सील करा दिया गया है। इसी तरह दूसरा मरीज आनंद हॉस्पिटल में भर्ती था। इसलिए वहां भी वार्ड सील कराया गया है। एक दर्जन से अधिक स्टॉफ को क्वारंटाइन करा दिया गया है।
मरीजों की हिस्ट्री
केस एक
आठ माह का बच्चा सल्लाहपुर अकबरपुर बमरौली का रहने वाला है। आंत की सर्जरी होनी थी इसलिए वह 12 जून को निजी अस्पताल में भर्ती था लेकिन जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
केस दो
56 साल का यह मरीज प्रतापगढ़ जनपद के कोहड़ौर पूरे चंडी गांव का निवासी है। उसको पाइल्स की समस्या थी। शरीर में महज दो यूनिट खून ही बचा था। अस्पताल में उसे 10 यूनिट खून चढ़ाया गया। टेस्ट कराया गया तो वह भी कोरोना पॉजिटिव मिला।