इलाहाबाद विश्वविद्यालय में जौनपुर की छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर सहपाठी की पिटाई, दो गिरफ्तार
दुकान से लस्सी खरीदने लगी तो कुछ लड़के उसे घूरने लगे। जब वह आगे बढ़ी तो रास्ते में तीन बाइक से नौ लड़के आए। फिर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर उसके सहपाठी को पीटने लगे।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता के बावजूद सरेराह छात्राओं से छेड़खानी की घटनाएं नहीं रुक रही है। इसका नमूना प्रयागराज में दिखा। शहर में कर्नलगंज थाना क्षेत्र के लल्ला चुंगी के पास न केवल छात्रा से छेड़खानी की गई, बल्कि विरोध पर उसके सहपाठी की पिटाई भी की। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर हालैंड हाल हास्टल के अंत:वासी सुभाष यादव, श्रीहर्ष यादव, पार्थ द्विवेदी व अभिषेक यादव सहित कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त सुभाष व अभिषेक को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया।
दवा लेने गई थी छात्रा : सहपाठी मूलरूप से जौनपुर जनपद की रहने वाली एक युवती इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एमए तृतीय वर्ष की छात्रा है। वह एलनगंज में किराए पर कमरा लेकर रहती है। छात्रा का कहना है कि 15 मई की रात करीब नौ बजे वह अपने सहपाठी के साथ दवा लेने के लिए गई थी। आरोप लगाया कि रास्ते में एक दुकान से लस्सी खरीदने लगी तो श्रीहर्ष यादव समेत अन्य लड़के घूरने लगे। जब वह लस्सी लेकर आगे बढ़ी तो रास्ते में तीन बाइक से नौ लड़के आए। फिर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर उसके सहपाठी को पीटने लगे जब वह बीच बचाव करने लगा था। मारपीट करते हुए पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस बोली- दो छात्रों पर कार्रवाई, अन्य आरोपित भी गिरफ्तार होंगे : भुक्तभोगी छात्रा ने पुलिस को बताया कि अधिकांश आरोपित इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र हैं। चौकी इंचार्ज विश्वविद्यालय विनय कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा कायम करते हुए दो छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जल्द ही अन्य को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।