कलाकार मनमोहन तिवारी ने कहा-'इलाहाबाद' पर आधारित सीरियल ने दिलाई लोकप्रियता Prayagraj News
ऋषिकेश में जन्मे मनमोहन ने वर्तमान सीरियल हमारी गुडिय़ा सभी पर भारी के बारे में बताया। कहा कि कुमकुम भाग्य को भी लोगों ने खूब सराहा।
प्रयागराज, जेएनएन। लॉकडाउन में दैनिक जागरण ने घर बैठे लोगों को एक्टिंग जगत में सफल कलाकारों से जुडऩे का बेहतरीन डिजिटल प्लेटफार्म दिया। अनलॉक-01 में फेसबुक लाइव के जरिए टीवी पर प्रसारित फिल्मों और धारावाहिकों के कलाकारों से मिलकर अनुभव जानने व अपनी बातें साझा करने का साधन उपलब्ध कराया है।
प्रतिज्ञा धारावाहिक ने दिलाई लोकप्रियता
फेसबुक पेज पर अनेक भारतीय धारावाहिकों में अहम भूमिकाएं निभाने वाले कलाकार मनमोहन तिवारी अपने शुभचिंतकों से लाइव रूबरू हुए। इलाहाबाद (अब प्रयागराज) पर आधारित सीरियल 'प्रतिज्ञा मन की आवाज' से लोकप्रियता की मुकाम पर पहुंचे मनमोहन ने कहा कि उन्होंने कई सकारात्मक और नकारात्मक भूमिकाएं निभाई हैं। खासतौर से प्रतिज्ञा मन की आवाज में उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। इस सीरियल को लोग बहुत पसंद करते थे। ऋषिकेश में जन्मे मनमोहन ने वर्तमान सीरियल हमारी गुडिय़ा सभी पर भारी के बारे में बताया। कहा कि कुमकुम भाग्य को भी लोगों ने खूब सराहा। उनके फिल्मों में आने और नकारात्मक रोल की चुनौतियों के बारे में लोगों ने उनसे सवाल किए।
संगम की रमणीयता के बारे में किया सवाल
एक्टिंग मेथेड, फिल्मों में जाने और परिवार को समय दे पाने के बारे में भी युवाओं ने पूछा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में परिवार को भरपूर समय दे रहे हैं लेकिन स्थिति सामान्य होने पर जल्द ही सीरियल की ओर रुख करेंगे। उनकी हेयर स्टाइल के बारे में उनके शुभचिंतक ने सवाल किया तो कहा कि क्लीनर से उड़ा लिया था। हर, हर महादेव। उन्होंने प्रयागराज में खासतौर से संगम की रमणीयता के बारे में पूछा। मनमोहन से विक्रम सिंह, प्रतिभा शुक्ला, चंद्रमोहन तिवारी, अभिषेक महेंद्रू, महेंद्र कनौजिया, आदित्य, जीतेंद्र, सर्वेश उपाध्याय आदि ने सवाल पूछे।