एनसीआर मुख्यालय और नौ स्टेशनों पर फहरेगा तिरंगा
जब मन में देश के प्रति प्रेम होगा तो उसे स्वच्छ रखने का भाव भी आएगा। शायद इसी सोच के साथ रेलवे ने नौ स्टेशनों पर तिरंगा झंडा फहराने का निर्णय लिया है। इसकी ऊंचाई सै फिट होगी।
रमेश यादव, प्रयागराज : जब मन में देश के प्रति प्रेम होगा तो उसे स्वच्छ रखने का भाव भी आएगा। इसी को ध्यान में रखकर रेलवे अभिनव प्रयोग कर रहा है। इसके तहत रेलवे स्टेशन परिसर में सौ फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया जा रहा है, ताकि लोगों की निगाह उस पर पडे़। इलाहाबाद जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज लग चुका है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) और नौ स्टेशनों पर ध्वज लगाने की तैयारी में है। रेलवे का मानना है कि तिरंगा देखकर देश भक्ति का भाव जाग्रत होगा और लोग इसकी आन-बान-शान के लिए परिसर में कचरा या खान-पान का रैपर आदि फेंकने से बचेंगे।
उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल द्वारा इलाहाबाद जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने के बाद इसकी काफी प्रशंसा हुई। रेलवे बोर्ड ने भी इलाहाबाद मंडल के प्रयास की सराहना की। इसी के चलते राष्ट्रीय ध्वज को एनसीआर मुख्यालय, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, एटा, फतेहपुर, मीरजापुर और सोनभद्र स्टेशन पर अब लगाने की तैयारी चल रही है। एक जगह पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने में सात से आठ लाख रुपये खर्च आएगा। इलाहाबाद मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ का कहना है कि विदेशों में जगह-जगह उनके राष्ट्रीय ध्वज ऊंचाई पर लगे होते हैं। उसको देखकर देश प्रेम का जज्बा बढ़ता है। इलाहाबाद जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बाद जल्द ही कई और स्टेशनों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा।
----
प्रयागराज में कई स्थानों पर तिरंगा
संगम नगरी में इलाहाबाद जंक्शन के अलावा सेना के पूर्व उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया मुख्यालय, संगम किनारे किला में, हर्षवर्धन पार्क, चंद्रलोक और फायर ब्रिगेड चौराहे पर 100 फीट ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज लगे हुए हैं। इसे देखकर शहरवासी तो प्रेरित होते ही हैं, बाहर से आने वाले लोग भी आकर्षित होते हैं, क्योंकि तिरंगा इतनी ऊंचाई पर लगा है कि सभी की नजर इस पर जरूर पड़ती है।