आवाज के जादूगर किशोर कुमार को गीतों भरी श्रद्धांजलि आज समर्पित होगी Prayagraj News
पार्श्व गायक किशोर कुमार की याद में आज शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल सजेगी। कोरस संस्था के सदस्य भावपूर्ण प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम का दैनिक जागरण एसोसिएट पार्टनर है।
प्रयागराज, जेएनएन। सदी के महान गायक किशोर कुमार ने कई दशकों तक अपनी अमित छाप छोड़ी। वहीं आज भी लोगों की जुबां पर उनके गीत हैं। इस महान गायक का पूरा देश जन्मदिवस मना रहा है। ऐसे में प्रयागराज के संगीत प्रेमी भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने प्लेबैक सिंगर किशोर कुमार की याद में शाम पांच बजे उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र सभागार में संगीत संध्या का आयोजन किया है।
कोरस संस्था की ओर से 'मेनी मूड्स ऑफ किशोर दा' कार्यक्रम
किशोर दा के 90 वें जन्मदिन पर कोरस संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम 'मेनी मूड्स ऑफ किशोर दा' में उन्हें गीतों भरी श्रद्धांजलि दी जाएगी। दैनिक जागरण इस कार्यक्रम का एसोसिएट पार्टनर है। संगीत संध्या में किशोर कुमार की कुछ दुर्लभ छायाचित्रों की प्रदर्शनी और उनके विभिन्न मूड जैसे रोमांटिक, हास्य, गंभीर, मस्ती, दुखद एवं छेड़छाड़ को दर्शाते हुए गीतों की प्रस्तुति संस्था के सदस्यों द्वारा की जाएगी।
गीतों की प्रस्तुतियां सोलो, डुएट, मेलोडी आदि के रूप में पेश की जाएगी
संगीत संध्या की परिकल्पना एवं आयोजन के सूत्रधार संगीत प्रेमी पीयूष टंडन बताते हैं कि इस संस्था का मूल उद्देश्य ऐसे संगीत प्रेमियों एवं गायकों को मंच प्रदान करना था, जिन्हें जीवन की आपाधापी में अपनी कला को कभी मंच पर लाने का अवसर नहीं मिला। संस्था महीने में एक बार संगीत गोष्ठी का आयोजन करती है, जिसमें सभी को अपनी प्रतिभा का अवसर मिलता है। संस्था के सदस्यों की ओर से संगीत संध्या में किशोर दा के सुप्रसिद्ध गीतों की प्रस्तुतियां सोलो, डुएट, मेलोडी आदि के रूप में पेश की जाएगी।
60 से 80 के दशक की फिल्मों पर आधारित होगा कार्यक्रम
इसमें ऑडियो विजुअल संयोजन के जरिए 60 से 80 के दशक की फिल्में जैसे चलती का नाम गाड़ी, मनमौजी, रंगोली, दूर गगन की छांव, ब्लैकमेल, आराधना, कोरा कागज, डॉन, दोस्ताना समेत कई अनूठी प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप