राज्य स्तरीय सीनियर हॉकी पुरुष प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय टीम का ट्रायल सात को Prayagraj News
गोरखपुर में होने वाली सीनियर हॉकी पुरुष प्रतियोगिता के लिए प्रयागराज की जिला के साथ ही मंडलीय टीम का भी ट्रायल होगा। इसकी तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के मौके पर राज्य स्तरीय सीनियर हॉकी पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 17 नवंबर तक गोरखपुर में होगा। इसमें भाग लेने के लिए मंडलीय टीम प्रयागराज से जाएगी। हॉकी की जिला स्तरीय टीम के लिए सात नवंबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में ट्रायल होगा। उसके बाद आठ नवंबर को यहीं पर सुबह दस बजे से मंडलीय टीम के लिए ट्रायल होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी हॉकी प्रशिक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
सीनियर वालीबाल पुरुष टीम के लिए ट्रायल नौ को
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर 14 से 17 नवंबर तक बांदा में राज्य स्तरीय सीनियर वालीबाल पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज जिला स्तरीय टीम का चयन नौ नवंबर और मंडलीय टीम का चयन 11 नवंबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में अपराह्न तीन बजे होगा।
आशुतोष ने लहराया परचम
जमुनीपुर स्थित मोतीलाल नेहरू इंटर कालेज के छात्र आशुतोष दुबे ने सब जूनियर बालक वर्ग में गोला फेंक प्रतियोगिता में परचम लहराया। 65वीं प्रदेशीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में आशुतोष ने 17.20 मीटर गोला फेंक कर नया रिकार्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि के लिए स्कूल प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने बधाई दी है।
विष्णु भगवान, आनंद शुक्ला व आशीष नेहरा क्लब को पूर्ण अंक
मनीष देब-स्कंद गुप्त अंडर-16 जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल ने सावित्री देवी क्रिकेट क्लब को 76 रन, आनंद शुक्ला क्रिकेट क्लब ने नंद किशोर सिंह पीजी कॉलेज को आठ विकेट व आशीष नेहरा क्रिकेट क्लब ने खेलगांव पब्लिक स्कूल को तीन विकेट से हराकर पूर्ण अंक हासिल किए।