राज्य स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए टीम का ट्रायल 22 को Prayagraj News
कबड्डी की जिला स्तरीय टीम का ट्रायल 22 अक्टूबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में दोपहर दो बजे होगा। जबकि मंडलीय टीम के लिए ट्रायल 23 अक्टूबर को सुबह दस बजे से स्टेडियम में होगा।
प्रयागराज,जेएनएन : पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर राज्य स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता 24 से 26 अक्टूबर तक बस्ती में होगी। उसके लिए प्रयागराज में मंडलीय टीम का चयन किया जाएगा। कबड्डी की जिला स्तरीय टीम का ट्रायल 22 अक्टूबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में दोपहर दो बजे होगा। जबकि मंडलीय टीम के लिए ट्रायल 23 अक्टूबर को सुबह दस बजे से स्टेडियम में होगा।
हॉकी टीम के लिए मंडलीय ट्रायल आज:
13वीं पंडित जमन लाल शर्मा मेमोरियल सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन एक से नौ नवंबर तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में होगा। इसमें इलाहाबाद हॉकी की टीम भाग लेगी। इलाहाबाद हॉकी टीम के लिए 19 अक्टूबर को अपराह्न 3:30 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में ट्रायल होगा। अंडर-14 आयु वर्ग के बच्चे इसमें भाग ले सकते हैं।
खेलगांव में सीबीएसई ईस्ट जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप आज से :
सीबीएसई ईस्ट जोन की बैडमिंटन और जिम्नास्टिक प्रतियोगिता खेलगांव में शनिवार से होगी। इसमें सीबीएसई के 150 विद्यालयों से करीब 800 छात्र-छात्रा भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग की होगी। यह प्रतियोगिता दिन में सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक चलेगी। यह जानकारी आयोजन सचिव अनिल मिश्रा ने दी।
यूपी-यूके टीम फाइनल में :
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने जयपुर में खेली जा रही सीआईएससीई स्कूल की अंडर-14 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोच अब्बास अली ने बताया कि टीम में प्रयागराज के भी दो खिलाड़ी हम्माद खान और अपूर्व श्रीवास्तव है। यूपी-यूके टीम ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में तेलंगाना को नौ विकेट से हराया। फाइनल में मुकाबला शनिवार को महाराष्ट्र से होगा।