इलाहाबाद में दंपती और उसकी बेटी जिंदा जला डाला, दुष्कर्म की आशंका
इलाहाबाद में दिल दहला देने वाली घटना में शिवपुर के पडि़ला महादेव मंदिर के निकट एक बुजुर्ग दंपती और उसकी जवान बेटी की हत्या कर शव फूंक दिए गए।
इलाहाबाद (जेएनएन)। इलाहाबाद के गंगापार में दिल दहला देने वाली घटना में शिवपुर के पडि़ला महादेव मंदिर के निकट एक बुजुर्ग दंपती और उसकी जवान बेटी की हत्या कर शव फूंक दिए गए। आज अलसुबह ग्रामीणों की नजर जल रहे शवों पर नजर पड़ी तो सनसनी फैल गई। फायर बिग्रेड के साथ पहुंची पुलिस ने आग बुझाई लेकिन तब तक तीनों का शरीर पूरी तरह झुलस चुका था। इससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। युवती से दुष्कर्म की आशंका है। पुलिस हत्या और हादसा, दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- कानपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आग का गोला बनकर दौड़ा युवक
महाशिवरात्रि पर पडि़ला महादेव मंदिर में मेला लगता है। दूर-दूर से श्रद्धालु और भिक्षावृत्ति करने वाले आते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक करीब तकरीबन 65 वर्षीय एक दिव्यांग अपनी 55 साल की पत्नी व 22 साल की विवाहित बेटी के साथ गुरुवार को आया था। तीनों मंदिर के आसपास भीख मांग रहे थे। शुक्रवार शाम वह मंदिर से करीब 300 मीटर दूर खाली मैदान में आम के पेड़ के नीचे थे। वहीं उन्होंने खाना बनाया। भोजन के बाद सभी सो गए। सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण उधर गए तो जलती आग के बीच लाश देख सन्न रह गए।
यह भी पढ़ें- गायत्री प्रजापति मामले में दुष्कर्म पीडि़ता ने दर्ज कराए कलमबंद बयान
जानकारी पाकर पुलिस फायर बिग्रेड की टीम के साथ पहुंच गई। आग बुझाने के बाद पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इतना जरूर पता चला कि कुनबा भीख मांगकर जिंदगी गुजार रहा था। उनकी भाषा-बोली राजस्थानी लग रही थी। ऐसे में उनके घुमंतू होने का अनुमान है। एसपी गंगापार मुन्ना लाल का कहना है कि मौत का कारण पता लगाया जा रहा है। शिनाख्त होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति और साफ हो सकेगी।