Top Prayagraj News of the day, 31 December 2020 : दो बालिकाओंं और महिला के मिले शव, पुलिस मान रही है कि खुद ट्रेन से कटकर दी जान
कौशांबी जनपद में गुरुवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर एक महिला और दो बालिकाओं के शव देखकर भीड़ लग गई। प्रयागराज में पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भारतीय जीवनमूल्य आम जनमानस को ताकत देते हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में गुरूवार को सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार स्थित भैरव बाबा देव स्थान के समीप रेलवे ट्रैक पर एक महिला व दो बालिकाओं की क्षत-विक्षत हालत में लाश पड़ी देख लोग सन्न रह गए। कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। इस बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पं. केशरीनाथ त्रिपाठी भी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें होम आइसोलेशन की अनुमति मिली है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहाकि भारतीय जीवनमूल्य आम जनमानस को ताकत देते हैं। वह गुरुवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) के 17वां दीक्षा समारोह में बतौर मुख्य अतिथि नई दिल्ली स्थित मंत्रालय से ऑनलाइन मोड में बोल रहे थे।
कोरोना वायरस से संक्रमित हुए पूर्व राज्यपाल
पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पं. केशरीनाथ त्रिपाठी भी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें होम आइसोलेशन की अनुमति मिली है। उनके अलावा जिले में बुधवार को 50 अन्य लोगों को भी कोरोना ने जकड़ लिया। कोविड अस्पताल में भर्ती दो संक्रमित मरीजों की जान भी चली गई। कोरोना संक्रमण के इस उतार चढ़ाव के बीच डॉक्टरों ने लोगों को अब भी सतर्क रहने तथा कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने को कहा है।
खुद को अपडेट, अपग्रेट और एजुकेट करें टेक्नोक्रेट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहाकि भारतीय जीवनमूल्य आम जनमानस को ताकत देते हैं। ऐसे में टेक्नोक्रेट खुद को लगातार अपडेट, अपग्रेड और एजुकेट करते रहें। यदि वह इससे चूक गए तो आउटडेट हो जाएंगे। विश्वशांति के लिए मजबूत भारत जरूरी है। भारत हमेशा से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अध्यात्म और गणित के क्षेत्र में विश्वगुरु रहा है। लेकिन इसके साथ वसुधैव कुटंबकम के सिद्धांत पर भी हमेशा खरा रहा है। ऐसे में मजबूत भारत विश्वशांति के लिए अहम है। वह गुरुवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) के 17वां दीक्षा समारोह में बतौर मुख्य अतिथि नई दिल्ली स्थित मंत्रालय से ऑनलाइन मोड में बोल रहे थे।