Top Prayagraj News of the day, 21 June 2020 : सूर्य ग्रहण के बाद संगम समेत गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
सूर्य ग्रहण के बाद संगम में डुबकी लगाई गई। इलाहाबाद की पूर्व सांसद सरोज दुबे के निधन से शोक की लहर है। डीआरएम के निजी सचिव ने रेल कर्मी को थप्पड़ मारा। इसका वीडिया वायरस हुआ।
प्रयागराज, जेएनएन। खंडग्रास सूर्य ग्रहण रविवार को रहा। ग्रहण से मोक्ष के बाद संगम समेत गंगा के घाटों पर लोगों ने स्नान कर दान दिया। वहीं इलाहाबाद की पूर्व सांसद सरोज दुबे का नोएडा में निधन हो गया है। उनके निधन से प्रयागराज में शोक की लहर है। इसी क्रम में डीआरएम प्रयागराज मंडल के निजी सचिव का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह रेल कर्मी को थप्पड़ मार रहे हैं। डीआरएम ने मामले को संज्ञान में लिया है।
सूर्य ग्रहण के बाद संगम समेत गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
खंडग्रास सूर्य ग्रहण समाप्त होने के बाद रविवार की दोपहर बाद लोगों ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद दान देकर पुण्य अर्जित किया गया। इस दौरान संगम समेत गंगा के विभिन्न स्नान घाटाें पर भीड़ रही। प्रयागराज के संगम तट पर भक्त मंत्रों का जाप भी कर रहे हैं। इस दौरान कोरोना वायरस के संकट काल से भी देश को बचाने की भी प्रार्थना ईश्वर से की गई।
पूर्व सांसद सरोज दुबे के निधन से प्रयागराज में शोक की लहर
इलाहाबाद की पूर्व सांसद सरोज दुबे का निधन हो गया है। उनका प्रयागराज जिला (पूर्व में इलाहाबाद) से गहरा नाता रहा है। हालांकि वह पिछले कई सालों से दिल्ली में रह रही थीं। पूर्व सांसद के निधन से प्रयागराज में शोक की लहर है। सरोज दुबे इलाहाबाद सीट से पहली महिला सांसद बनीं थी। वे 1991 से लेकर 1996 तक इलाहाबाद लोकसभा सीट से जनता दल पार्टी से सांसद रह चुकी हैं। उनसे पहले जनता दल पार्टी से जनेश्वर मिश्रा इलाहाबाद सीट से सांसद रहे। उनके पश्चात मुरली मनोहर जोशी ने 1996 में पहली बार इलाहाबाद सीट पर कमल खिलाया था।
DRM के निजी सचिव ने रेल कर्मी को थप्पड़ मारा, वीडियो वायरल
प्रयागराज मंडल के डीआरएम के निजी सचिव (पीएस) का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को थप्पड़ मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में निजी सचिव दिनेश शर्मा एक रेलकर्मी को थप्पड़ मारने के साथ ही गालियां दे रहे हैं। डंडे से बुरी तरफ पीटने की बात कह रहे हैं। माल गोदाम कालोनी में रहने वाले रेलकर्मी मनीष ने विवाद के बाद अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया था। इस पर डीआरएम के निजी सचिव रेलकर्मी को समझाने के लिए गए थे लेकिन थप्पड़ मार दिया। मामला डीआरएम तक पहुंच चुका है।