Top Prayagraj News of the day, 11 May 2020 : कौशांबी में रंजिश में किसान को मारी गोली,जख्मी Prayagraj News
विवाद के दौरान फायरिंग में किसान गोली लगने से जख्मी है। इविवि के प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस आज दाखिल करेंगी चार्जशीट। कोरोना वायरस से संक्रमित एक और मरीज सामने आया है।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद कौशांबी में घर के सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर निकालने के विवाद में एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से किसान घायल हो गया। वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर मो. शाहिद के खिलाफ शिवकुटी पुलिस मंगलवार को चार्जशीट दाखिल करेगी। उनके खिलाफ शिवकुटी में महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। जबकि, प्रयागराज जिले में कोरोना वायरस का एक और पाजिटिव मरीज सामने आया है। मुंबई से लौटे युवक में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। वह टैक्सी चालक है।
कौशांबी में रंजिश में किसान को मारी गोली,जख्मी
पडोसी जनपद कौशांबी में घर के सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर निकालने के विवाद में एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से किसान घायल हो गया। सरायअकिल थाना क्षेत्र के अकबराबाद निवासी चंद्रिका प्रसाद शुक्ल के बेटे राजेंद्र का गांव के ही शशि कपूर उर्फ बंटा से छह साल पुरानी रंजिश है। सोमवार की सुबह भी शशि कपूर तेज रफ्तार ट्रैक्टर लेकर निकला तो राजेंद्र ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। राजेंद्र अपनी जान बचाकर घर में घुसा तो हमलावरों ने पीछे से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। इससे गोली राजेंद्र के बांह में लगी। वहीं, ताबड़तोड़ फायरिंग करने से राजेंद्र के घर का शटर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रोफेसर के खिलाफ शिवकुटी पुलिस आज दाखिल करेगी चार्जशीट
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर मो. शाहिद के खिलाफ शिवकुटी पुलिस मंगलवार को चार्जशीट दाखिल करेगी। उनके खिलाफ शिवकुटी में महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रोफेसर जेल में बंद हैं। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र को सीओ दफ्तर भेज दिया है। अब उसे कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। वहीं, प्रोफेसर और विदेशी जमाती समेत 17 लोगों के विरुद्ध शाहगंज पुलिस पहले ही आरोप पत्र पेश कर चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अब प्रोफेसर समेत अन्य आरोपितों पर शिकंजा कस गया है।
प्रयागराज में एक और Coronavirus संक्रमित मरीज मिला, मुंबई से आए टैक्सी चालक में हुई पुष्टि
प्रयागराज जिले में कोरोना वायरस का एक और पाजिटिव मरीज सामने आया है। मुंबई से लौटे युवक में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। वह टैक्सी चालक है। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसे लेवल वन कोविड अस्पताल कोटवा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं टैक्सी चालक के साथ मुंबई से आए उसके साथी को भी क्वारंटाइन में रखा गया है। उसकी रिपोर्ट सोमवार यानी आज आएगी। करछना तहसील के डीहा गांव निवासी 40 वर्षीय युवक मुंबई में टैक्सी चलाता है। दो दिन पहले वह अपने टैक्सी से मुंबई से घर के लिए चला था। उसके साथ सैदाबाद के सदऊपुर बरेठी का एक परिवार भी था। यह चारों शनिवार को प्रयागराज पहुंचे।