Top Prayagraj News of the day, 1 March 2020 : कौशांबी में करंट से युवक की मौत, चार दिन पूर्व हुई थी शादी
कौशांबी में मंझनपुर के टेनशाह आलमाबाद के रहने वाले दिनेश पाल की रविवार की दोपहर करंट लगने से मौत हो गई। चार दिन पूर्व उसकी शादी हुई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेनशाह आलमाबाद निवासी बिहारी लाल के बेटे दिनेश पाल (22) की रविवार की दोपहर करीब एक बजे करंट लगने से मौत हो गई। उसकी चार दिन पूर्व शादी हुई थी। वहीं पीएम मोदी को ले जाने के लिए तैयार हेलीकाप्टर खराब हो गया था। तकनीकी दिक्कत को ठीक करने के लिए एयरफोर्स की टीम परेड मैदान में मौजूद रही। इसी क्रम में अरैल में आयोजित मुरारी बापू की रामकथा का श्रवण करने के लिए हजारों की संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं।
कौशांबी में करंट से युवक की मौत, चार दिन पूर्व हुई थी शादी
कौशांबी में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेनशाह आलमाबाद निवासी बिहारी लाल के बेटे दिनेश पाल (22) की रविवार की दोपहर करीब एक बजे करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक दिनेश मोबाइल फोन का चार्जर निकाल रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लाए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी चार दिन पूर्व ही शादी हुई थी। परिजनों के साथ ही पत्नी पिंकी का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पीएम मोदी का हेलीकाप्टर हो गया था खराब, एयरफोर्स कर रही जांच
पीएम नरेंद्र मोदी का शनिवार को प्रयागराज के परेड मैदान में कार्यक्रम था। हेलीकाप्टर से पीएम दिव्यांगजन-बुजुर्गजन के लिए आयोजित उपकरण वितरण समारोह में बमरौली हवाई अड्डे से परेड मैदान पर पहुंचे थे। वह हेलीकाप्टर में अचानक तकनीकी दिक्कत आ गई। इससे वह चित्रकूट के लिए उड़ान नहीं भर सका था। वह दोपहर तक परेड मैदान में खड़ा था। एयरफोर्स की टीम खराबी की जांच कर रही है।
मोरारी बापू की रामकथा में गोते लगाते रहे श्रद्धालु
संत कृपा सनातन संस्थान नाथद्वारा की ओर से अरैल (नैनी) में आयोजित श्रीराम कथा में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। यमुना तट पर आयोजित रामकथा का श्रवण करने वाले भक्त श्रीराम के जयकारे भी लगा रहे हैं। इससे वातावरण भक्तिमय हो उठा है। वहीं रविवार की रात में कथा स्थल पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें डॉक्टर कुमार विश्वास के साथ बुद्धि प्रकाश दाधीच, गौरी मिश्रा, किरण जोशी की प्रस्तुति होगी। कुमार विश्वास प्रयागराज आ चुके हैं।