Top Prayagraj News of the day, 29 February 2020 : ...जब मोदी ने दिव्यांग विवेक से कहा कि एक सेल्फी हो जाए दोस्त Prayagraj News
पीएम मोदी ने दिव्यांग विवेक से सेल्फी लेने के लिए कहा तो वह खुशी हो गए। इविवि की स्नातक वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम जारी हो गया। प्रतापगढ में एक अज्ञात युवक का शव मिला है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को प्रयागराज शहर में थे। पीएम मोदी ने विवेक को स्मार्ट मोबाइल फोन देने के बाद सेल्फी लेने की बात कही तो यह क्षण विवेक के लिए यादगार बन गया। वहीं, पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) ने बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम शनिवार को जारी कर दिया। जबकि, प्रतापगढ़ में रानीगंज थाना क्षेत्र के नहर में एक अधेड़ की लाश मिली। सुल्तानपुर बाजार स्थित नहर में शनिवार की दोपहर उतराया शव देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है।
...जब मोदी ने दिव्यांग विवेक से कहा कि एक सेल्फी हो जाए दोस्त
मंच पर पीएम और पीएम के सामने वह। रोमांच और अद्भुत क्षण को यूं तो विवेक देख तो नहीं सके लेकिन महसूस जरूर कर लिया। पीएम मोदी ने उन्हें स्मार्ट मोबाइल फोन दिया तो खुशी और बढ़ गई। इसी बीच देश और दुनिया में धाक जमाने वाले मोदी विवेक से सेल्फी लेने की बात कही तो यह क्षण विवेक के लिए यादगार बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को प्रयागराज शहर में थे। वह संगम क्षेत्र के परेड मैदान में दिव्यांगों और वृद्धों का सम्मान और उन्हें उपकरण दे रहे थे। वहीं दिव्यांग विवेक मणि त्रिपाठी को स्मार्ट मोबाइल फोन देने के बाद का लम्हा कुछ खास रहा। शहर के लिए सिविल लाइंस विवेक मणि त्रिपाठी के पिता इंद्रमणि त्रिपाठी शिक्षक हैं। विवेक बचपन से दृष्टिबाधित हैं। हालांकि उनमें प्रतिभा कूट-कूटकर भरी है। जो हर किसी के लिए प्रेरणादायक है। 19 साल के विवेक डीएड की पढ़ाई कर रहे हैं। दृष्टिबाधित होने के बाद भी वह मोबाइल धड़ल्ले से चलाते हैं। उन्होंने अपने मोबाइल में टॉकबैक एप डाउनलोड किया है, जिससे अपना काम कर लेते हैं। वह दृष्टिबाधित साथियों को इसका ज्ञान देते हैं। वह मोबाइल पर अपनी पढ़ाई भी कर लेते हैं।
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में वार्षिक परीक्षा तीन मार्च से
पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) ने बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम शनिवार को जारी कर दिया। स्नातक स्तर की परीक्षाएं तीन मार्च से शुरू होंगी, जो दो पालियों में होंगी। प्रथम पाली का समय सुबह सात से 10 बजे और दूसरी पाली का समय अपराह्न 2:30 बजे से 5:30 बजे तक होगा। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। विद्यार्थी परीक्षा संबंधित कोई भी जानकारी वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक प्रोफसर रामेंद्र कुमार सिंह ने दी। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा परिणाम 30 जून तक जारी कर दिया जाएगा। इससे बीएड में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को भटकना नहीं होगा।
प्रतापगढ़ के नहर में मिली अधेड़ की लाश, हत्या की आशंका
प्रतापगढ़ में रानीगंज थाना क्षेत्र के नहर में एक अधेड़ की लाश मिली। सुल्तानपुर बाजार स्थित नहर में शनिवार की दोपहर उतराया शव देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। अधेड़ की हत्या की आशंका जताई जा रही है। रानीगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर बाजार के पास बड़ी नहर में दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने शव उतराता देखा। ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ने शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया। उसकी पहचान के लिए पुलिस ने प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हाे सकी है। वह कौन है, कहां का रहने वाला था, किसने और क्यों उसकी हत्या की या फिर दुर्घटना है, यह अभी राज ही है।