Top Prayagraj News of the day, 23 December 2019 : CAA Protest : प्रयागराज में मोबाइल इंटरनेट सेवा चार दिन बाद हुई बहाल, एहतियातन बंद की गई थी
प्रयागराज में चार दिन बाद मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हो गई। पति से विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। किसान की संदिग्ध दशा में कुआं में लाश पाई गई।
प्रयागराज, जेएनएन। आखिर चार दिन के बाद प्रयागराज में दोपहर बाद मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय अब से कुछ देर पहले लिया। सीएए के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बंद करने का निर्णय लिया था। वहीं, प्रतापगढ़ जनपद में बाघराय थाना क्षेत्र के पीथीपुर गांव में रविवार की रात महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। पति से विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया। जबकि कौशांबी जनपद में चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव में खेत गए किसान की लाश कुएं में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजनों से पूछताछ की।
CAA Protest : प्रयागराज में मोबाइल इंटरनेट सेवा चार दिन बाद हुई बहाल, एहतियातन बंद की गई थी आखिर चार दिन के बाद प्रयागराज में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय अब से कुछ देर पहले लिया। सीएए के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बंद करने का निर्णय लिया था। हालांकि चार दिनों की इस नेटबंदी के चलते व्यापारी और आम लोगों को काफी परेशानी हुई। व्यापारियों को लेनदेन में करोड़ों का नुकसान हुआ था, वहीं अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित थीं। सीएए पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन का असर यूपी में पश्चिम से होता प्रयागराज में भी रहा। इसे लेकर यहां भी विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया था। विरोध को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार की आधी रात में मोबाइल इंटरनेट सेवा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया था। ऐसा करने का प्रशासन का अभिप्राय अफवाह को रोकना था। रविवार से शहर में शांति के माहौल को देखते हुए बंद मोबाइल इंटरनेट सेवा को सोमवार दोपहर में बहाल कर दिया गया।
प्रतापगढ़ में पति से विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान, हत्या का आरोप
प्रतापगढ़ जनपद में बाघराय थाना क्षेत्र के पीथीपुर गांव में रविवार की रात महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। पति से विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उधर जानकारी होने पर पहुंचे विवाहिता के मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। पीथीपुर गांव निवासी पिंटू सरोज पुणे में रहकर नौकरी करता है। इन दिनों वह घर आया हुआ था। रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद पिंटू पुणे वापस जाने के लिए रिजर्वेशन कराने कुंडा स्टेशन चला गया। वहां से वह रात में घर लौटकर आया। कमरे में जाने पर देखा तो उसके होश उड़ गए। पिंटू की पत्नी नीलू 28 फांसी के फंदे से लटक रही थी। यह देख पिंटू दहाड़ मार कर रोने लगा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। लोगों की मदद से नीलू का शव फांसी के फंदे से नीचे उतारा गया।
किसान गया था खेत की रखवाली को, कुएं में मिली लाश
कौशांबी जनपद में चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव में खेत गए किसान की लाश कुएं में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजनों से पूछताछ की। फिलहाल परिवार के लोग घटना के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। काजू निवासी 40 वर्षीय सुरेश पुत्र चंद्रपाल खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता था। स्वजनों के मुताबिक रात वह फसल की रखवाली करने के लिए खेतों की तरफ गया था। सुबह जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो उठे। जब उसकी खोजबीन शुरू की गई तो खेत से कुछ दूर स्थित एक सूखे कुएं में उसकी लाश पड़ी मिली। यह देख लोगों ने परिवार के लोगों को जानकारी दी। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरेश के शव को कुएं से बाहर निकलवाया।