Top Prayagraj News of the day, 12 November 2019 : कौशांबी में फांसी पर लटकती मिली युवक और युवती की लाश, आत्महत्या व हत्या में उलझा मामला Prayagraj News
कौशांबी में घर के अंदर फांसी पर लटकता युवक और युवती का शव मिला। पूर्व सांसद के बेटे पिस्टल चोरों ने उडा दी। कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों भक्तों ने गंगा यमुना में डुबकी लगाई।
प्रयागराज, जेएनएन। पड़ोसी जनपद कौशांबी में घर के अंदर फांसी पर लटकता युवक और युवती का शव मिला। चरवा थाना क्षेत्र के उदाथू गढ़वा गांव में हुए इस घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया है। वहीं संगम में पूर्व सांसद प्रदीप कुमार यादव के बेटे पुष्पेंद्र यादव की लाइसेंसी पिस्टल, 17 कारतूस, 42 हजार रुपये और कीमती सामान चोरों ने गायब कर दिए। जबकि कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मंगलवार को गंगा और यमुना घाटों पर भक्तों ने स्नान के बाद पूजन किया। शाम को देव दीपावली समारोह में डिप्टी केशव प्रसाद मौर्य ने भी शिरकत की।
कौशांबी में फांसी पर लटकती मिली युवक और युवती की लाश, आत्महत्या व हत्या में उलझा मामला
पड़ोसी जनपद कौशांबी में घर के अंदर फांसी पर लटकता युवक और युवती का शव मिला। चरवा थाना क्षेत्र के उदाथू गढ़वा गांव में हुए इस घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया है। युवक और युवती दोनों एक ही गांव के हैं।
उदाथू गढ़वा निवासी राम लोटन सोमवार की रात परिवार के साथ धान के फसल की कटाई करने के लिए खेत में गया था। घर पर उसकी 19 वर्षीय बेटी गोरकी देवी अकेली मौजूद थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि रात में गांव के गोरेलाल का 20 वर्षीय बेटा ननकू राम लोटन के घर पहुंचा। इसके बाद क्या हुआ, किसी को जानकारी नहीं है।राम लोटन मंगलवार की सुबह करीब साढे़ पांच बजे परिवार के साथ अपने घर आया। बाहरी दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी बेटी गोरकी देवी का कोई जवाब नहीं मिला तो लोगों को आशंका हुई। ग्रामीणों की मदद से पीछे की दीवार फांद कर राम लोटन ने दरवाजा खोला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। घटना के पीछे कुछ लोग खुदकशी की आशंका जाहिर कर रहे हैं तो कुछ ग्रामीण हत्या कर फांसी पर लटकाए जाने का कयास लगा रहे हैं।
संगम आए पूर्व सांसद के बेटे की पिस्टल, कारतूस चोरी
पूर्व सांसद प्रदीप कुमार यादव के बेटे पुष्पेंद्र यादव की लाइसेंसी पिस्टल, 17 कारतूस, 42 हजार रुपये और कीमती सामान चोरों ने गायब कर दिए। घटना से परेशान पीडि़त ने दारागंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। घटना मंगलवार सुबह हुई। इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र स्थित जवाहर रोड निवासी पुष्पेंद्र यादव के ससुर का निधन हो गया था। मंगलवार को वह परिवार के साथ हुंडई कार से अस्थि विसर्जन के लिए यहां आए थे। उन्होंने अपनी कार सुबह करीब सात बजे परेड मैदान पर कुंभ मेला प्रशासनिक भवन के सामने पार्किंग में खड़ी की। फिर सभी लोग अस्थि विसर्जन के लिए संगम चले गए। करीब एक घंटे बाद वापस लौटे कार का शीशा टूटा देख परेशान हो गए। दरवाजा खोलकर देखा तो भीतर रखा ब्रीफकेस गायब था। उसमें लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस, पैसा, कपड़ा व दूसरे जरूरी सामान थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस अगर अपराधियों के हाथ लग गई तो वह किसी घटना को भी अंजाम दे सकते हैं। ऐसी आशंका से पुलिस अधिकारी परेशान हैं।
दो लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, गंगा-यमुना के घाटों पर आस्था का रेला
कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मंगलवार की भोर से ही गंगा और यमुना के घाटों पर चहल-पहल बढ़ गई है। गंगा और यमुना घाटों पर भक्त स्नान करने के बाद पूजन और अर्चन के साथ धार्मिक अनुष्ठान भी कर रहे हैं। भक्तिगीत भी माहौल में आस्था घोल रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। इनमें 50 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने बलुआघाट और गऊघाट पर यमुना नदी में पुण्य की डुबकी लगाई। शाम को हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से आयोजित देव दीपावली महोत्सव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की। उन्हाेंने दीप प्रज्वलन और गंगा आरती की।
कार्तिक में प्रमुख स्नान यमुना के जल में माना जाता है। इसके लिए बलुआघाट, गऊघाट, मिंटो पार्क आदि समेत संगम समेत गंगा के विभिन्न स्नान घाटों पर स्नानार्थियों की सुविधा के लिए बिजली आदि का प्रबंध प्रशासन की ओर से किया गया है। वहीं घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स की भी तैनाती है। यमुना के प्रमुख घाटों में से एक बलुआघाट में स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ी है। घाट को जाने वाले रास्ते में मेला भी लगा है। यह मेला पिछले करीब एक माह से लगा है। इसमें खाने-पीने के साथ ही खेल-खिलौने की दुकानें सजी हैं। वहीं सबसे अधिक भीड़ ताे यहां महिलाओं की हाे रही है। इस मेले में गृहस्थी संबंधी सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हैं।