Top Prayagraj News of the day, 26 October 2019 : आस्था से मनाई गई हनुमान जयंती, निकली शोभायात्रा
जनपद में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। वहीं पशु तस्करों ने ईंट-पत्थर से हमला कर सिपाही को जख्मी कर दिया। इसी क्रम में ट्रक की टक्कर से मासूम बालक की मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। हनुमान जयंती का पर्व आस्था और उल्लास के साथ जनपद में मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों समेत घरों में पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन हुए। शोभायात्रा भी निकाली गई। वहीं प्रतापगढ़ के मंगरौरा बाजार में शुक्रवार की रात पशुओं को लेकर जा रहे वाहन को रोकने पर पशु तस्करों ने सिपाही को ईंट-पत्थर से हमला कर जख्मी कर दिया। वहीं एक सिपाही फरार हो गया। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्रम में लालापुर थाना क्षेत्र में छतहरा गांव के निकट ट्रक की टक्कर से मासूम की मौत हो गई।
आस्था से मनाई गई हनुमान जयंती, निकली शोभायात्रा
पांच दिवसीय दीप पर्व का दूसरा बड़ा पर्व शनिवार को हनुमान जयंती के रूप में मनाया गया। श्रीराम भक्त हनुमान के जन्मोत्सव पर शहर के मंदिरों और मठों में आकर्षक सजावट की गई। सिविल लाइंस हनुमान मंदिर, बंधवा स्थित लेटे हनुमान मंदिर, प्राचीन बाल रूप हनुमान मंदिर त्रिपौलिया सहित शहर के अन्य मंदिरों में भव्य पूजन किया गया। इसी क्रम में त्रिपौलिया स्थित प्राचीन बाल रूप हनुमान मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। पूजन-अर्चन के बाद त्रिपौलिया स्थित हनुमान मंदिर से भव्यता के साथ शोभायात्रा निकली। इसमें साधु-संतों के साथ ही नाचते-गाते सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल रहे। जय श्रीराम और जय श्री हनुमान, बजरंग बली की जय-जयकार से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
पशु तस्करों ने सिपाही ईंट-पत्थर से हमला कर जख्मी किया
प्रतापगढ़ के मंगरौरा बाजार में शुक्रवार की रात में सिपाही संतोष तिवारी और विपिन गश्त पर थे। रात करीब डेढ़ बजे उन्हें सूचना मिली कि पशुओं को एक वाहन से लेकर तस्कर जा रहे हैं। इस पर मौके पर सिपाही संतोष और विपिन पहुंचे। इसी बीच उधर से एक वाहन आता दिखा। सिपाहियों ने वाहन को रोकने का इशारा किया। कुछ दूर आगे जाकर वाहन रोकने के बाद उसमें सवार कुछ लोग उतरे। सिपाहियों के निकट आने पर पशु तस्कर उन पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। संतोष ईंट-पत्थर लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसी बीच सहायता करने के बजाय दूसरा सिपाही विपिन अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया।
ट्रक की चपेट में आने से मासूम की गई जान
यमुनापार में लालापुर थाना क्षेत्र में छतहरा गांव के निकट ट्रक की टक्कर से मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपित ट्रक चालक पर केस दर्ज किया गया है। छतहरा गांव निवासी शील कुमार का तीन वर्षीय पुत्र निहाल शनिवार की सुबह घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में वह आ गया। हादसा घूरपुर-लालापुर मार्ग पर हुआ।