Top Prayagraj News of the day, 25 October 2019 : लोहितार्क अध्यक्ष और दीपांश ईसीसी छात्रसंघ के महामंत्री बने
ईसीसी के छात्र संघ (छात्र परिषद) पोल में लोहितार्क अध्यक्ष व दीपांश महामंत्री बने। वहीं धनतेरस पर बाजार में रुपया बरसा। हाई वोल्टेज करंट से सीए के छात्र की मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। ईसीसी में हुए छात्र संघ (छात्र परिषद) पोल शुक्रवार को हुआ। इसमें लोहितार्क श्रृंगीऋषि अध्यक्ष, दीपांशु सिंह महामंत्री, अनीष त्रिपाठी उपाध्यक्ष, जितेश शुक्ला सांस्कृतिक सचिव व करन कुमार उप कोषाध्यक्ष पद पर जीते। वहीं धनतेरस पर शहर के मुख्य समेत सभी बाजारों में रौनक रही। बर्तन से लेकर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक सामान, दो और चार पहिया वाहन खरीदारी हुई। इसी क्रम में घर में बिजली का झालर सजा रहे एक युवक की हाई वोल्टेज करंट की जद में आने से मौत हो गई।
लोहितार्क अध्यक्ष और दीपांश ईसीसी छात्रसंघ के महामंत्री बने
यूइंग क्रिश्चियन महाविद्यालय (ईसीसी) में शुक्रवार को छात्रसंघ पोल हुआ। इसमें कक्षा प्रतिनिधियों ने मतदान कर पदाधिकारियों को चुना। इसमें लोहितार्क श्रृंगीऋषि अध्यक्ष, दीपांशु सिंह महामंत्री, अनीष त्रिपाठी उपाध्यक्ष, जितेश शुक्ला सांस्कृतिक सचिव व करन कुमार उप कोषाध्यक्ष पद पर जीते। विजेताओं का समर्थक छात्रों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। बता दें कि ईसीसी में छह पदों (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त मंत्री, सांस्कृतिक सचिव और उप कोषाध्यक्ष) के लिए एक महिला प्रत्याशी समेत 16 दावेदार मैदान में थे। महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में सुबह नौ बजे से 12 बजे तक मतदान हुआ। इसमें कुल 192 कक्षा प्रतिनिधियों को मतदान करना था। हालांकि, दो प्रत्याशी मतदान करने नहीं पहुंच सके।
धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ी भीड़
दीपावली पर्व के अंतर्गत पहले मुख्य पर्व धनतेरस पर शहर से बाजारों में भीड़ उमड़ी। बर्तन से लेकर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक सामान, दो और चार पहिया वाहन की जमकर खरीदारी हुई। सजावटी सामानों की भी बिक्री हुई। चौक स्थित ठठेरी बाजार में पीतल, स्टील एल्युमिनियम और तांबा के बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई। पिछले वर्ष की तुलना में फिलहाल इस बार बाजार करीब 40 फीसद तक कमतर है, लेकिन धनतेरस में कारोबार उठने की पूरी उम्मीद है।
हाई वोल्टेज करंट से सीए के छात्र की मौत
गोविंदपुर कॉलोनी में अपट्रान चौराहे के पास शुक्रवार की सुबह दीपावली के लिए घर को सजाने के दौरान सीए का छात्र हाई वोल्टेज बिजली के करंट की जद में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। 24 वर्षीय उत्कर्ष यादव पुत्र सुशील यादव का घर गोविंदपुर कॉलोनी में अपट्रान चौराहे के पास है। दीपावली पर सजावट के लिए उत्कर्ष मकान के दूसरी मंजिल की बालकनी में बिजली का झालर लगा रहा था। इसी दौरान घर के सामने से गुजरे 11 हजार वोल्टेज के केबल से तार छू गया। इससे उसे करेंट का जबरदस्त झटका लगा। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मदद के लिए दौड़े। उसे करंट की जद से दूर कर तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।