Top Prayagraj News of the day, 5 October 2019 : पत्नी की हत्या कर बेटी संग फांसी पर झूल गया युवक
घर में पति-पत्नी और बेटी का शव मिला। वहीं गंगापार व यमुनापार में हुए हादसों में दो युवकों की मौत व तीन जख्मी हुए। कटरा दुर्गापूजा पंडाल को चंद्रयान-2 के थीम पर बनाया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी में पति-पत्नी के साथ मासूम का शव रहस्यमय हाल में मिला। पति और बेटी का शव फांसी से लटका था तो पत्नी का चारपाई पर पड़ा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद युवक ने बेटी समेत खुदकशी कर ली। वहीं नारीबारी और होलागढ़ में हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई और तीन जख्मी हो गए। इसी क्रम में इस बार कटरा आलू मंडी का दुर्गापूजा पंडाल चंद्रयान-2 की थीम पर सजाया गया है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र है।
पत्नी की हत्या कर बेटी संग फांसी पर झूल गया युवक
कौशांबी के मंझनपुर कोतवाली स्थित टेनशाह आलमाबाद गांव के गोपालपुर मजरे में पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह पति और बेटी का शव फांसी के फंसे से लटक रहा था तो पत्नी का शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल अभी तक की जांच में पुलिस अधिकारी यही कह रहे हैं कि युवक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद बेटी संग खुद फांसी के फंसे पर झूल गया है। गोपालपुर निवासी वंशीलाल 23 अपनी पत्नी आशा देवी 21 और एक वर्षीय बेटी लक्ष्मी के साथ रहता था। घटनास्थल को देखकर पुलिस अफसर यही अनुमान लगा रहे हैं कि आपसी झगड़े के बाद पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद बेटी के साथ खुद आत्महत्या कर लिया।
सड़क हादसों में दो की मौत व तीन जख्मी
घूरपुर और गंगापार के होलागढ़ थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव के पास प्रयागराज-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रयागराज से वापस अपने घर जा रहे बाइक सवार दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए। इससे बाइक चला रहे शिवम सिंह की मौत हो गई। वह चौकठा में रहता था। वहीं शिवम का साथी शुभम केसरवानी गंभीर रूप से घायल हो गया। पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल शुभम को जसरा सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत में डॉक्टरों ने प्रयागराज भेज दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
चंद्रयान-2 की थीम पर सजा है कटरा का दुर्गापूजा पंडाल
आलू मंडी दुर्गा पूजा समिति कटरा ने इस बार पूजा पंडाल को चंद्रयान-2 की थीम पर सजाया है। अपनी स्थापना से लेकर अब तक थीम आधारित पंडाल बनाने के लिए यह समिति मशहूर है। स्थापना 1991 में हुई थी और जब समिति ने 2015 में अपना 25वां साल मनाया तो संसद भवन की थीम देकर कटरा ही नहीं बल्कि शहर के अन्य क्षेत्र के लोगों को भी चौंका दिया। इसके बाद कुतुब मीनार, दक्षिण भारत का मीनाक्षी मंदिर भी पंडाल के माध्यम से लोगों को दिखाया। शुरुआत में कम लागत में पूजा पंडाल सजाया जाता था लेकिन, अब इसे आधुनिक स्वरूप देने के लिए भारी भरकम बजट भी खर्च किया जाने लगा है।