Top Prayagraj News of the day, 04 October 2019 : जख्मी हेड कांस्टेबल की मौत, परिजनों का हंगामा, सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
किन्नर पर चाकू से हमला कर जख्मी किया गया। वहीं इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौत हेड कांस्टेबल के परिजनों ने विरोध्ा जताया। सिविल लाइंस के रामदल निकालने पर सहमति बनी।
प्रयागराज, जेएनएन। हंडिया में किन्नर को बाइक सवार बदमाशों ने चाकू और कांच की बाेतल से हमला कर जख्मी कर दिया। वहीं अमेठी में अपराधी के हमले में जख्मी हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। बहरिया स्थित पैतृक गांव में शव लाया गया तो परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठने से मना कर दिया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर माने। इसी क्रम में सिविल लाइंस व्यापार मंडल की डीएम संग हुई बैठक के बाद व्यापारियों ने शुक्रवार को रामदल निकालने पर सहमति जताई।
जख्मी हेड कांस्टेबल की मौत, परिजनों का हंगामा, सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
अमेठी में अपराधी के वार से गंभीर रूप से जख्मी हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार मौर्य 48 पुत्र ज्ञानी लाल की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एसजीपीजीआइ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। गुरुवार की रात में उनकी मौत हो गई। शव उनके पैतृक गांव बहरिया के ग्राम पंचायत हसनपुर मंसूर के बाबूगंज लाया गया। इसके बाद परिजनों ने चिकित्सा में लापरवाही और पुलिस द्वारा तत्काल इलाज की व्यवस्था न कराए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ और परिवार के लोग अंतिम संस्कार को राजी हुए। बाद में राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
बाइक सवारों ने किन्नर पर चाकू से हमला कर जख्मी किया
हंडिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या चार में शुक्रवार को बाइक सवारों ने एक किन्नर सोनी पर जानलेवा हमला किया। घर के सामने टहल रही सोनी पर बदमाशों ने चाकू और कांच की बोतल से हमला किया। इससे सोनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर वहां पहुंची लोगों ने जख्मी अवस्था में सोनी को स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने शहर के एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सोनी को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है।
डीएम संग बैठक के बाद व्यापारी सिविल लाइंस रामदल निकालने पर हुए राजी
सिविल लाइंस के व्यापारियों ने इस बार रामदल नहीं निकालने का निर्णय लिया था। इस मामले में शुक्रवार को सिविल लाइंस व्यापार मंडल और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने साफ कर दिया कि यह व्यवस्था न्यायालय के आदेश के तहत है। सिविल लाइंस में जाम की समस्या न उत्पन्न हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखा जाएगा। व्यापारियों ने इस पर सहमति जताई। इस दौरान सिविल लाइंस में शुक्रवार को रामदल निकालने का फैसला हुआ। दोपहर बाद सभी दुकानें भी खुल गईं।