Top Prayagraj News of the day, 07 August 2019, धूमनगंज में सुल्तानपुर के युवक की धारदार हथियार से हत्या
धूमनगंज में युवक की हत्या कर रक्तरंजित शव फेंक दिया गया। वहीं प्रतापगढ़ के लालगंज इलाके में तालाब में डूबने से युवक की माैत हो गई। वहीं कुएं में युवक की लाश मिली।
प्रयागराज, जेएनएन। सुल्तानपुर जनपद निवासी युवक की प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई। उसकी लाश सैनिक कॉलोनी में मिली। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। वहीं प्रतापगढ़ में लालगंज कोतवाली के खैरा पूरेछेमी गांव के तालाब में डूबकर एक युवक की मौत हो गई। उसका शव बरामद कर लिया गया है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ जिले के मानधाता थाना क्षेत्र के अंतपुर गांव निवासी युवक का शव बुधवार को गांव स्थित कुएं में मिला। वह बिना किसी को बताए रविवार को घर से निकला था।
सुल्तानपुर के युवक की धूमनगंज में धारदार हथियार से हत्या
धूमनगंज की सैनिक कॉलोनी में नींवा के पास सुल्तानपुर के रहने वाले युवक इमरान 30 को हत्यारों ने मौत के घाट उतार दिया। धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई। उसके चेहरे पर जख्म के निशान थे। शव जहां मिला है, कुछ दूर तक खून के निशान भी मिले हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या कर हत्यारों ने शव को घसीटकर फेंकने के बाद फरार हो गए। सुबह लोगों ने शव देखा तो भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पास मिले मोबाइल के आधार पर शिनाख्त कराई। पता चला कि इमरान 30 पुत्र इबरान अहमद निवासी बरुआ कला थाना पुरवार जनपद सुल्तानपुर का रहने वाला था। पुलिस तहकीकात कर रही है। उधर बिलखते हुई उसकी पत्नी पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। बताया कि इमरान अपने दो दोस्तों के साथ निकला था। इमरान के माता और पिता अलग रहते हैं।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
प्रतापगढ़ में लालगंज कोतवाली के खैरा पूरेछेमी गांव के तालाब में जग मोहन सरोज का पुत्र जीतेंद्र (18) बुधवार सुबह करीब आठ बजे डूब गया। वह बुधवार की सुबह शौच के लिए तालाब के पास गया था। जब काफी देर बाद वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हो गए। उसे खोजा जाने लगा। ग्रामीण तालाब के किनारे पहुंचे। वहां अनुमान लगाया गया कि शायद उसका पैर फिसल गया होगा और तालाब के गहरे पानी में डूब गया। इस पर लोग तालाब के जल में उसे ढूंढने लगे। वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना पाकर वहां पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से जीतेंद्र का शव तालाब से बरामद किया गया। परिजनों ने कहा कि जीतेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
घर से निकले युवक का शव कुएं में मिला
प्रतापगढ़ जिले के मानधाता थाना क्षेत्र के अंतपुर गांव निवासी युवक का शव बुधवार को गांव स्थित कुएं में मिला। ज्ञानेश्वर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र विनीत सिंह रविवार को परिवार के लोगों को बिना कुछ बताए घर से निकला था। अपना मोबाइल भी घर ही में उसने छोड़ दिया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो घरवालों को चिंता हुई। वह उसकी तलाश करने लगे। सुबह मनहूस खबर मिली, जिससे परिजन गमगीन हो गए। विनीत मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड था। मई माह में उसकी शादी हुई थी। वह शुक्रवार को मुंबई से गांव के घर आया था। घटना से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप